एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनपदों से आए लोगों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक फरियादी का प्रार्थना पत्र लेकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि प्रदेश में अवैध कब्जे, भूमाफिया और दबंगों के लिए कोई जगह नहीं है और इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
कई फरियादी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत लेकर पहुंचे
मुख्यमंत्री के समक्ष कई फरियादी जमीन पर अवैध कब्जे, मारपीट और उत्पीड़न से जुड़ी शिकायतें लेकर पहुंचे। योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कानून एवं राजस्व से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए और जनपद स्तर पर ही प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून-व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएम ने कहा, धन के अभाव में किसी का इलाज न रुके
जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोग भी इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार गरीब और जरूरतमंदों के इलाज के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अस्पताल से इलाज का एस्टिमेट उपलब्ध कराते ही तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, ताकि धन के अभाव में किसी का इलाज न रुके।
बच्चों के प्रति मुख्यमंत्री का स्नेह भी देखने को मिला
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के प्रति मुख्यमंत्री का स्नेह भी देखने को मिला। अपने अभिभावकों के साथ पहुंचे नन्हे बच्चों से उन्होंने आत्मीयता से बातचीत की, उन्हें दुलारते हुए चॉकलेट दी और सर्दी के मौसम में बच्चों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। मुख्यमंत्री के इस अपनत्वपूर्ण व्यवहार से अभिभावक भावुक नजर आए और उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताया।
समस्याओं का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंत में अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और हर शिकायत का निस्तारण पारदर्शिता, संवेदनशीलता और समयबद्ध तरीके से किया जाए।
यह भी पढ़े : कोरोना की आड़ में ‘धर्म का सौदा’! बंद स्कूल बना धर्मांतरण का अड्डा, विदेशी फंडिंग का शक
यह भी पढ़े : यूपी पुलिस भर्ती 2025: होमगार्ड अभ्यर्थियों को आयु सीमा में 3 वर्ष की छूट
यह भी पढ़े : यूपी पुलिस में महिला शक्ति का बोलबाला: 2017 से 4 गुना बढ़ी संख्या, 50 हजार के पार
