एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में औद्योगिक विकास को नई गति देते हुए अशोक लीलैंड के इलेक्ट्रिक वाहन मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अत्याधुनिक प्लांट का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रक्षा मंत्री ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में केंद्रीय भारी उद्योग एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री एचडी कुमारस्वामी भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
सरोजनी नगर क्षेत्र में लगभग 70 एकड़ क्षेत्रफल में स्थापित किया गया
उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्लांट का निरीक्षण किया और ई-बस में यात्रा कर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के अनुभव को करीब से देखा। यह प्लांट लखनऊ के सरोजनी नगर क्षेत्र में लगभग 70 एकड़ क्षेत्रफल में स्थापित किया गया है, जहां भविष्य में ई-बस, ई-ट्रैवलर और ई-लोडिंग व्हीकल का निर्माण किया जाएगा।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह अवसर उत्तर प्रदेश के औद्योगिक इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने इस निवेश के लिए हिंदुजा समूह को बधाई देते हुए कहा कि बीते आठ वर्षों में प्रदेश में जो सकारात्मक बदलाव हुए हैं, यह परियोजना उसी का प्रमाण है।
संभावनाओं को धरातल पर उतारने वाला राज्य बन चुका यूपी
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश केवल संभावनाओं का प्रदेश नहीं रहा, बल्कि संभावनाओं को धरातल पर उतारने वाला राज्य बन चुका है। प्रदेश के हर जिले में निवेश पहुंच रहा है और यही कारण है कि आज यूपी देश ही नहीं बल्कि वैश्विक निवेशकों की पहली पसंद बन रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य को अब तक करीब 45 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं।इन्फ्रास्ट्रक्चर पर जोर देते हुए सीएम योगी ने कहा कि बीते वर्षों में सड़क, एक्सप्रेसवे और रेल नेटवर्क में ऐतिहासिक कार्य हुआ है। आज देश के 55 प्रतिशत एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश में हैं, रैपिड रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है और प्रदेश में 18 हजार से अधिक स्टार्टअप सक्रिय हैं।
इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की दिशा में बड़ा कदम
वहीं, केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि यह प्लांट केवल उत्तर प्रदेश के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए आत्मनिर्भर भारत और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से कार्बन उत्सर्जन कम करने और पर्यावरण संरक्षण के राष्ट्रीय लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।इस प्लांट के शुरू होने से न सिर्फ रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, बल्कि उत्तर प्रदेश ग्रीन इंडस्ट्रियल हब के रूप में भी तेजी से अपनी पहचान मजबूत करेगा।
प्रदेश के औद्योगीकरण की दिशा में मील का पत्थर : रक्षामंत्री
इस मौके पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए कहा कि योगी जी जिस तरह से यूपी को चला रहे हैं। उससे सहज ही प्रदेश की रेटिंग एक्सीलेंट कही जा सकती है। अशोक लीलैंड कंपनी की इस ईवी फैक्टरी का उद्धाटन प्रदेश के औद्योगीकरण की दिशा में मील का पत्थर है। उन्होंने कहा कि मैं लखनऊ से सांसद हूं पर अगर मैं लखनऊ का न भी होता तो भी यह शहर मुझे उतना ही प्रिय होता जितना कि आज है । पहले जिस यूपी को खराब कानून व्यवस्था और दंगों से जोड़कर देखा जाता था वो अब निवेश के क्षेत्र में अपनी जगह बना रहा है। यह बहुत बड़ी बात है। प्रदेश में निवेश होने से यहां के युवाओं को प्रदेश में ही रोजगार मिल सकेगा।
यह भी पढ़े : आदिवासी राजनीति की बुलंद आवाज खामोश, दुद्धी विधायक विजय सिंह गोंड का SGPGI में निधन
