वडोदरा। भारत ने वडोदरा में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से शिकस्त देकर साल 2026 की शानदार शुरुआत की। न्यूजीलैंड द्वारा दिए गए 301 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने 49 ओवर में 6 विकेट खोकर जीत दर्ज की। इस मुकाबले में विराट कोहली की 93 रनों की बेहतरीन पारी और शुभमन गिल के संयमित अर्धशतक ने जीत की नींव रखी।
भारत की पारी की शुरुआत
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 39 के स्कोर पर रोहित शर्मा 26 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद कप्तान शुभमन गिल ने जिम्मेदारी संभाली और 71 गेंदों पर 56 रन बनाए। गिल ने पारी को सधे अंदाज में आगे बढ़ाया और विराट कोहली के साथ अहम साझेदारी की।
एक समय भारत ने 2 विकेट पर 234 रन बना लिए थे
एक समय भारत ने 2 विकेट पर 234 रन बना लिए थे और जीत आसान लग रही थी, लेकिन 93 रन बनाकर विराट कोहली के आउट होने के बाद मुकाबला रोमांचक हो गया। केएल राहुल ने शुरुआत में संघर्ष किया और लगातार विकेट गिरने से दबाव बढ़ा। इस समय हर्षित राणा ने 23 गेंदों में 29 रनों की तेज पारी खेलकर टीम को लक्ष्य के करीब पहुँचाया। अंत में केएल राहुल ने संयम और आक्रामकता का मिश्रण दिखाते हुए चौकों और छक्कों की मदद से भारत की जीत सुनिश्चित की।
कोहली का रिकॉर्ड प्रदर्शन
विराट कोहली भले ही शतक से चूक गए, लेकिन उन्होंने इतिहास रच दिया। 91 गेंदों में 93 रन की इस पारी के साथ कोहली इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज 28,000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। यह उपलब्धि उन्होंने अपनी 624वीं पारी में हासिल की, जबकि इससे पहले सचिन तेंदुलकर ने यह मुकाम 644 पारियों में छुआ था। इसके अलावा, कोहली कुल इंटरनेशनल रनों के मामले में कुमार संगकारा को पीछे छोड़ते हुए दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।
न्यूजीलैंड की पारी
इससे पहले, डैरिल मिशेल ने संयमित 84 रनों की पारी खेलकर न्यूजीलैंड को 300/8 का प्रतिस्पर्धी स्कोर बनाने में अहम भूमिका निभाई। मेहमान टीम के सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे और हेनरी निकोल्स ने धीमी पिच पर संभलकर शुरुआत की और धीरे-धीरे रन गति बढ़ाई। दोनों ने 20वें ओवर में लगातार गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया और 117 रनों की सलामी साझेदारी बनाई, जो 2019 के बाद न्यूजीलैंड की घर से बाहर पहली शतकीय साझेदारी थी।निकोल्स ने 62 रन की दमदार पारी खेली, वहीं कॉनवे ने 56 रन बनाए। मिचेल हे ने 18 रन की छोटी लेकिन महत्वपूर्ण पारी खेली। कप्तान माइकल ब्रैसवेल 16 रन बनाकर और जैकरी फाउल्क्स 1 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
यह भी पढ़े : कोरोना की आड़ में ‘धर्म का सौदा’! बंद स्कूल बना धर्मांतरण का अड्डा, विदेशी फंडिंग का शक
यह भी पढ़े : यूपी पुलिस भर्ती 2025: होमगार्ड अभ्यर्थियों को आयु सीमा में 3 वर्ष की छूट
यह भी पढ़े : यूपी पुलिस में महिला शक्ति का बोलबाला: 2017 से 4 गुना बढ़ी संख्या, 50 हजार के पार
