एसएमयूपी न्यूज, आगरा। आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार देर रात घने कोहरे के कारण एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रात करीब 12 बजे से 1 बजे के बीच किरावली कस्बे के अभुआपुरा बिजली घर के सामने कोहरे में दृश्यता बेहद कम होने के चलते छह वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
कोहरे की वजह से नहीं लग सका अंदाजा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोहरे की वजह से वाहन चालकों को सामने चल रहे वाहनों का अंदाजा नहीं लग सका, जिससे दो ट्रक, दो स्लीपर बसें और दो कारें एक के बाद एक टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
मौके पर मची अफरा-तफरी
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही किरावली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया।पुलिस के अनुसार, हादसे में एक स्लीपर बस चालक के पैर कट जाने की सूचना है, जिसे गंभीर अवस्था में इलाज के लिए रेफर किया गया है। अन्य घायलों का भी उपचार जारी है।
यातायात बहाल करने में जुटी रही पुलिस
हादसे के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाया और अन्य वाहनों की सुरक्षित आवाजाही के लिए संकेतक लगवाए। कई घंटों की मशक्कत के बाद यातायात को सामान्य कराया जा सका।
कोहरे में सावधानी बरतने की अपील
थाना प्रभारी नीरज कुमार ने वाहन चालकों से अपील की है कि घने कोहरे और खराब मौसम के दौरान वाहन धीमी गति से चलाएं और आपसी दूरी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि यदि दृश्यता बेहद कम हो जाए तो वाहन को सुरक्षित स्थान पर रोक दें और अनावश्यक रूप से हाईवे पर यात्रा करने से बचें।पुलिस का कहना है कि कोहरे के चलते सड़क हादसों की आशंका बढ़ जाती है, ऐसे में थोड़ी सी सावधानी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती है।
यह भी पढ़े : मथुरा: यमुना एक्सप्रेस-वे पर कोहरे का कहर, 7 बसें व 3 कारें टकराईं, 13 की मौत
यह भी पढ़े : पंकज चौधरी उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष निर्वाचित, सीएम योगी ने जताया हर्ष
यह भी पढ़े : कोई न रहे परेशान, सरकार दे रही बिजली बिल में बड़ी राहत
यह भी पढ़े : राष्ट्रपति ने राज कुमार गोयल को मुख्य सूचना आयुक्त के रूप में दिलाई शपथ
