एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ ।सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर आत्महत्या की धमकी देने वाले युवक की जान उत्तर प्रदेश पुलिस ने मेटा कंपनी से मिले अलर्ट पर त्वरित कार्रवाई कर बचा ली। यह घटना 30 सितंबर की रात की है।मैनपुरी जिले के थाना किशनी क्षेत्र का 26 वर्षीय युवक अपनी गर्लफ्रेंड से विवाद के बाद अवसाद में था। उसने रात करीब 11:49 बजे इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया मैं उसके बिना नहीं रह पा रहा हूं, आज मुझे खुदकुशी करनी पड़ रही है।

युवक की लोकेशन का पता लगाकर मैनपुरी पुलिस को जानकारी दी

यह पोस्ट देखते ही मेटा कंपनी ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) मुख्यालय के सोशल मीडिया सेंटर को ई-मेल के जरिए अलर्ट भेजा।डीजीपी उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण ने तुरंत संज्ञान लेते हुए युवक को बचाने के लिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। सोशल मीडिया सेंटर ने अलर्ट में दिए गए मोबाइल नंबर के आधार पर युवक की लोकेशन का पता लगाकर मैनपुरी पुलिस को जानकारी दी।सूचना मिलते ही थाना किशनी के उपनिरीक्षक अपनी टीम के साथ मात्र 20 मिनट के भीतर युवक के घर पहुंच गए।

बार-बार उल्टियां कर रहा था

पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद युवक को कमरे में पाया, जहां वह कुछ दवाएं निगल चुका था और बार-बार उल्टियां कर रहा था। साथ ही वह किसी से फोन पर संपर्क करने की कोशिश भी कर रहा था।

पुलिसकर्मियों ने तत्काल युवक के पास से दवाएं छीन लीं और परिजनों की मदद से उसकी उल्टी कराई, जिससे उसकी हालत बिगड़ने से बच गई। युवक के सामान्य होने पर पुलिस ने उससे बातचीत की, तो उसने बताया कि गर्लफ्रेंड से विवाद और उससे संपर्क न हो पाने के कारण वह तनाव में था और आत्महत्या करने की सोच बैठा था।

मेटा कंपनी के बीच वर्ष 2022 से एक विशेष समन्वय व्यवस्था

स्थानीय पुलिस ने युवक को समझा-बुझाकर काउंसलिंग की, जिसके बाद युवक ने भविष्य में ऐसा कदम न उठाने का आश्वासन दिया। युवक के परिजनों ने मैनपुरी पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस की तत्परता के लिए आभार जताया।गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश पुलिस और मेटा कंपनी के बीच वर्ष 2022 से एक विशेष समन्वय व्यवस्था है।

पुलिस ने अब तक 1,376 लोगों की जान बचाई

इसके तहत यदि कोई व्यक्ति फेसबुक या इंस्टाग्राम पर आत्महत्या संबंधी पोस्ट करता है, तो मेटा कंपनी पुलिस को तुरंत ई-मेल और फोन के माध्यम से अलर्ट भेजती है।डीजीपी मुख्यालय के अनुसार, 1 जनवरी 2023 से 20 सितंबर 2025 के बीच मेटा से मिले ऐसे अलर्ट के आधार पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने अब तक 1,376 लोगों की जान बचाई है।

यह भी पढ़े : लखनऊ में ड्यूटी के दौरान होमगार्ड जवान ने फांसी लगाकर जान दी

यह भी पढ़े : डीजीपी राजीव कृष्ण बोले, अपराधियों में कानून का भय, जनता में पुलिस पर विश्वास बढ़ा

यह भी पढ़े : गांधी-शास्त्री जयंती पर निष्ठा और कर्तव्य का लिया संकल्प

यह भी पढ़े : ऑनलाइन गेमिंग जाल में फँसकर किशोर की जान गई, शातिर झारखंड से गिरफ्तार

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *