उप्र न्यूज़देश प्रदेश

चंदौली के निजी अस्पताल में सनसनी, भर्ती महिला मरीज की गोली मारकर हत्या

चंदौली। उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद में सोमवार सुबह एक निजी अस्पताल के अंदर हुई गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई। अलीनगर थाना क्षेत्र के कमलापुर स्थित एक अस्पताल में भर्ती 55 वर्षीय महिला मरीज की दूसरे मरीज बनकर आए युवक ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।जानकारी के अनुसार अलीनगर के कमलापुर स्थित जीवक अस्पताल, जो बसपा के पूर्व एमएलसी शिवबोध राम का बताया जा रहा है, में बिहार के सासाराम निवासी लक्ष्मीना देवी बीते 5 अप्रैल से भर्ती थीं। परिजनों ने उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था।

रजिस्ट्रेशन के दौरान अपना नाम वीरेन्द्र निवासी अंबाला बताया

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सोमवार सुबह एक युवक अस्पताल पहुंचा और मरीज के रूप में अपना पर्चा बनवाया। उसने रजिस्ट्रेशन के दौरान अपना नाम वीरेन्द्र निवासी अंबाला बताया। इसके बाद वह महिला मरीज के वार्ड तक पहुंच गया। अचानक उसने महिला के बेड के पास पहुंचकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही महिला गंभीर रूप से घायल होकर बेड पर गिर पड़ी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।अस्पताल के वार्ड में गोली चलने की आवाज सुनते ही मरीजों और तीमारदारों में भगदड़ मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अस्पताल से भागने लगा, लेकिन स्थानीय युवकों ने साहस दिखाते हुए उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी, जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल भी मौके पर पहुंचे

घटना की सूचना मिलते ही अलीनगर पुलिस के साथ पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अस्पताल परिसर को घेरकर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा है, हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है कि आरोपी महिला को पहले से जानता था या नहीं।दिनदहाड़े अस्पताल के अंदर हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button