एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । उत्तर प्रदेश की एंटी करप्शन टीम झांसी इकाई ने बुधवार की देर शाम उरई जिला जेल में तैनात एक महिला लिपिक को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी महिला कर्मचारी ने यह रिश्वत एक सेवानिवृत्त प्रधान बंदी रक्षक के बेटे से चिकित्सा प्रतिपूर्ति राशि जारी करने के एवज में मांगी थी।
प्रधान बंदी रक्षक के पद से वर्ष 2018 में सेवानिवृत्त हुए थे
जानकारी के अनुसार, जालौन के छिरिया सलेमपुर निवासी अवनीश कुमार तिवारी के पिता चंद्रशेखर तिवारी, ललितपुर जिला जेल में प्रधान बंदी रक्षक के पद से वर्ष 2018 में सेवानिवृत्त हुए थे। जनवरी 2025 में बीमारी के चलते उनकी मृत्यु हो गई। पिता की चिकित्सा प्रतिपूर्ति के लगभग एक लाख रुपये की राशि के लिए अवनीश ने उरई जिला जेल में फाइल जमा की थी।
रकम न देने पर उसने कई बार फोन कर दबाव बनाया
मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा 23 सितंबर को फाइल पास होकर जिला जेल लौट आई थी। इसके बाद जेल में तैनात कनिष्ठ लिपिक शीलू ने अवनीश को व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर स्पष्ट कहा कि बिल के भुगतान के लिए उसे ₹15,000 देने होंगे। रकम न देने पर उसने कई बार फोन कर दबाव बनाया और आखिरकार ₹10,000 पर बात तय हुई।
एसीबी टीम ने केमिकल लगे नोट देकर जाल बिछाया
अवनीश ने यह बात झांसी एंटी करप्शन टीम प्रभारी शादाब खान को बताई। शिकायत सत्यापित करने के बाद एसीबी टीम ने केमिकल लगे नोट देकर जाल बिछाया। बुधवार को जेल के बाहर तय स्थान पर जैसे ही महिला लिपिक ने अवनीश से रुपये लिए, एसीबी की टीम ने मौके पर ही उसे दबोच लिया।
महिला लिपिक को पूछताछ के लिए सदर कोतवाली लाया गया
पकड़े जाने के बाद महिला लिपिक को पूछताछ के लिए सदर कोतवाली लाया गया, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसीबी टीम प्रभारी शादाब खान ने बताया कि महिला का इलाज चल रहा है और उसके स्वस्थ होने के बाद रिश्वतखोरी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
यह भी पढ़े : गोसाईगंज में बाइक से पटाखा ले जाते समय भीषण विस्फोट, दो युवकों की मौके पर मौत
यह भी पढ़े : राजधानी में दीपावली पर 1018 अस्थायी पटाखा दुकानें मंजूर, अवैध भंडारण पर होगी कार्रवाई
यह भी पढ़े : दीपावली पर योगी सरकार का तोहफा,प्रदेश की 1.86 करोड़ महिलाओं को मिलेगा दो मुफ्त रसोई गैस
यह भी पढ़े : ईओडब्ल्यू ने चलाया ऑपरेशन शिकंजा, करोड़ों के घोटालों में वांछित 23 आरोपी गिरफ्तार
