एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । यूपी के आगरा में नगला बूढ़ी इलाके में शुक्रवार रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पांच परिवारों की खुशियाँ उजाड़ दीं। तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से पाँच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हो गए। किसी ने माँ को खो दिया, तो किसी के सिर से बेटे का साया उठ गया। एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी वार्ड में रोने-बिलखने की आवाजें देर रात तक गूंजती रहीं।हादसे में जान गंवाने वालों में बबली, भानु प्रताप मिश्रा, कमल, कृष्ण उर्फ कृष और बंटेश शामिल हैं। सभी अलग-अलग परिवारों से थे, लेकिन एक ही दुर्घटना ने उनकी जिंदगी छीन ली।
शादी की तैयारी कर रहीं बबली की कहानी सबसे दर्दनाक रही
मायके में शादी की तैयारी कर रहीं बबली की कहानी सबसे दर्दनाक रही। दस साल पहले सादाबाद के मिढ़ावली निवासी हरेश से शादी के बाद बबली तीन बच्चों गुंजन, कर्मवीर और गोलू की परवरिश में जुटी थीं। पति मजदूरी करते हैं और बबली घरों में काम कर परिवार चला रही थीं। कुछ ही दिनों में उनकी भांजी की शादी थी। शुक्रवार रात वह बेटे गोलू को कपड़े दिलाने निकली थीं, तभी तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। बबली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गोलू के पैर में चोटें आईं। परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर हंगामा किया और मुआवजे की मांग की, बाद में पुलिस ने समझाकर शांत कराया।
भानु प्रताप की तीन साल पहले हुई थी शादी
भानु प्रताप मिश्रा (28) फूड डिलीवरी कंपनी में काम करते थे। आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-1 में रहते थे। तीन साल पहले शादी हुई थी, डेढ़ साल का बेटा चेतन है। शुक्रवार को एक ऑर्डर डिलीवर करने निकले और वापस नहीं लौटे। कार ने सबसे पहले उन्हें टक्कर मारी। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिवार का हाल बेहाल है। पिता कूलर की दुकान चलाते हैं और बेटे के शव को देखकर बार-बार यही कह रहे थे — “अब घर का सहारा कौन बनेगा?” पत्नी रामा को संभालना मुश्किल था।
शादी के लिए कपड़े खरीदने निकले थे कृष्ण, आ गई मौत
इसी हादसे में नगला बूढ़ी निवासी कमल (24) और उसका दोस्त कृष्ण उर्फ कृष भी मारे गए। कमल पेंटर था, तीन साल पहले प्रेम विवाह किया था, लेकिन दो साल पहले पत्नी की मौत हो गई थी। उनका दो साल का बेटा है। शुक्रवार रात वह कृष्ण के साथ बाजार जा रहे थे। कृष्ण के भाई की शादी तय होनी थी, दोनों कपड़े खरीदने निकले थे। नगला बूढ़ी चौराहे के पास कार ने उन्हें टक्कर मारी, दोनों की मौके पर मौत हो गई।
शव सभी के शव को पोस्टमार्टम को भेजा
वहीं 50 वर्षीय बंटेश सब्जी लेकर घर लौट रहे थे। तभी अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकराई और पलटते हुए उन्हें रौंद गई। परिवार में कोहराम मच गया।स्थानीय लोगों ने बताया कि कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि पलटने के बाद उसका मलबा सड़क पर बिखर गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़े : बांग्लादेशी घुसपैठियों का बड़ा अड्डा बन रहा लखनऊ : पूर्व डीजीपी ब्रजलाल
यह भी पढ़े : लखनऊ में बाइक चोरी करते रंगेहाथ पकड़ा गया युवक, खंभे से बांधकर की पिटाई, वीडियो वायरल
यह भी पढ़े : अमेरिका में बैठे एनआरआई को सीसीटीवी से दिखी चोरी, पुलिस जांच में जुटी
यह भी पढ़े : ओवरलोड ट्रक छोड़ने में रिश्वतखोरी का वीडियो वायरल, डीजीपी ने 11 पुलिसकर्मीकिया निलंबित
