एसएमयूपीन्यूज,सुलतानपुर। लंभुआ कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान तीन बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए और गिरफ्तार कर लिए गए। वहीं, उनके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस टीम लगी हुई है।
चांदा थाने के प्रभारी अशोक सिंह ने नाकाबंदी की
जानकारी के अनुसार, पुलिस को देर रात सूचना मिली थी कि बिना नंबर की बोलेरो सवार बदमाश किसी बड़ी वारदात की फिराक में घूम रहे हैं। इस पर सीओ लंभुआ अब्दुस सलाम के नेतृत्व में कोतवाल संदीप राय और चांदा थाने के प्रभारी अशोक सिंह ने नाकाबंदी की। मुरली नहर के पास बदमाशों को घेरते ही उन्होंने पुलिस पर गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे दबोच लिए गए।
अजय पर पहले से 54 आपराधिक मुकदमे दर्ज
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान जौनपुर निवासी अजय उर्फ लंगड़ा, जितेंद्र उर्फ रविंद्र और अंबेडकरनगर निवासी मोनू राज के रूप में हुई है। अजय पर पहले से 54 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उनके पास से अवैध असलहे बरामद किए हैं। घायल बदमाशों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि मौके से बरामद बोलेरो को जब्त कर लिया गया है और फरार अपराधियों की तलाश के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।
