उप्र न्यूज़देश प्रदेशराजनीति

त्रिपुरा-नगालैंड-मेघालय में बजा चुनावी बिगुल, चुनाव आयोग ने किया तारीखों का एलान

चुनाव आयोग ने उत्तर-पूर्व के तीन राज्यों नागालैंड, त्रिपुरा और मेघालय में चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। त्रिपुरा में 16 फरवरी को मतदान होगा जबकि नागालैंड और मेघालय में 27 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। इन तीनों ही राज्यों के परिणाम 2 मार्च को घोषित कर दिए जाएंगे।चुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही तीनों राज्यों में आचार संहिता लागू हो गई है।

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि इन तीनों ही राज्यों में 60-60 विधानसभा सीटें हैं। त्रिपुरा चुनाव के लिए अधिसूचना 21 जनवरी को जारी होगी। नामांकन की अंतिम तिथि 30 जनवरी है। 2 फरवरी तक नाम वापस लिया जा सकेगा। मेघालय और नागालैंड में 31 जनवरी को अधिसूचना जारी होगी। दोनों राज्यों में नामांकन की आखिरी तारीख 7 फरवरी है। मेघालय और नागालैंड में नाम वापसी की आखिरी तारीख 10 फरवरी है।

तीनों राज्यों में कुल 62.8 लाख मतदाता

राजीव कुमार ने कहा, तीनों राज्यों में कुल 62.8 लाख मतदाता होंगे। नगालैंड में 13.09 लाख, मेघालय में 21.61 लाख और त्रिपुरा में 28.13 लाख मतदाता होंगे। तीनों राज्यों में कुल 31.47 लाख महिला मतदाता होंगी।

तीनों राज्यों में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों के मुकाबले ज्यादा

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा, ‘तीनों चुनावी राज्यों की खास बात यह है कि यहां पर वोट डालने वाली महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों के मुकाबले ज्यादा रहती है। पिछले विधानसभा चुनाव में वोट डालने वाली महिलाओं की संख्या नगालैंड में 86%, मेघालय में 87% और त्रिपुरा में 91% रही है। इनमें त्रिपुरा में सबसे ज्यादा 13.98 लाख महिला वोटर होंगी। तीनों राज्यों में कुल 1.76 लाख मतदाता ऐसे होंगे, जो पहली बार वोट डालेंगे। मेघालय में सबसे ज्यादा 81,443 मतदाता 18-19 साल के होंगे, जो पहली बार मतदान करेंगे।

2018 में तीनों राज्यों के चुनावी नतीजे

मेघालय में साल 2018 में 60 सीटों पर हुए विधानसभा चुनावों में कांग्रेस 21 सीटों के साथ सबसे सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी लेकिन उसे पूर्ण बहुमत नहीं मिला। राज्य में भाजपा ने अन्य दलों के साथ मिलकर 34 विधायकों के समर्थन से सरकार बना ली। एनपीपी के कॉनराड संगमा राज्य के मुख्यमंत्री बने।एनपीपी को राज्य में 19 और भाजपा को 2 विधानसभा सीटें नसीब हुई थीं।

त्रिपुरा में साल 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने वामदलों के लंबे शासन को खत्म कर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को 60 में से 36 सीटें मिली थीं जबकि सीपीआई एम महज 16 सीटों पर सीमट गई थी। राज्य में आईपीएफटी को 8 सीटें मिली थीं।

-नागालैंड में भी एनडीए की सरकार है। यहां साल 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा के समर्थन वाली एननडीपीपी ने सरकार बनाई। राज्य में हुए चुनाव में एनपीएफ को 26 सीटें मिली थीं जबकि एनडीपी को 18 और भाजपा को 12 सीटें मिलीं। एनपीपी ने दो सीटों पर जीत दर्ज की। चुनाव के बाद एनडीपीपी के नेफ्यू रियो ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button