उप्र न्यूज़देश प्रदेश

मौत के साए में आधी रात लौट गई बारात, दुल्हन ने कहा ‘नहीं’

संभल । संभल के हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र में एक शादी उस वक्त सनसनीखेज मोड़ ले गई, जब दहेज की अतिरिक्त मांग और एक दर्दनाक मौत के बाद दुल्हन पक्ष ने पूरी बारात को गांव से ही लौटा दिया।जानकारी के मुताबिक, नवाड़ा गांव निवासी युवती की शादी असमोली क्षेत्र के सेवापुर पदारथपुर गांव के युवक से तय थी। रविवार को लग्न कार्यक्रम के दौरान ही माहौल बिगड़ गया, जब दुल्हन पक्ष के एक रिश्तेदार की छत से गिरकर मौत हो गई। इस घटना से परिवार पहले ही सदमे में था।

दूल्हा पक्ष 50 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग पर अड़ा रहा

आरोप है कि इसके बावजूद दूल्हा पक्ष 50 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग पर अड़ा रहा। दुल्हन के पिता का कहना है कि पहले ही दहेज में बाइक और दो लाख रुपये नकद दिए जा चुके थे, लेकिन फिर भी मांग जारी रही। इतना ही नहीं, मृतक के अंतिम संस्कार में भी दूल्हा पक्ष के किसी सदस्य के शामिल न होने से नाराजगी और बढ़ गई।सोमवार देर रात तक पंचायत और समझौते की कोशिशें चलती रहीं, लेकिन जब बात नहीं बनी तो दुल्हन पक्ष ने सख्त फैसला लेते हुए बारात को वापस लौटा दिया। देखते ही देखते शादी का मंडप सूना रह गया और बारात बिना दुल्हन के लौट गई।

अभी तक कोई औपचारिक तहरीर नहीं दी गई

इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। मामला पुलिस तक पहुंचा है, हालांकि अभी तक कोई औपचारिक तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।एक तरफ शादी की खुशियां थीं, तो दूसरी तरफ लालच और लापरवाही ने रिश्ते को बनने से पहले ही तोड़ दिया—और पीछे छोड़ गया सवाल कि क्या दहेज आज भी रिश्तों से बड़ा है?

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button