लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से पहले मतदान, फिर जलपान की अपील की। उन्होंने कहा कि कि सुरक्षित व विकसित भारत के लिए मतदान करें। वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने देश के सम्मान की जिम्मेदारी निभाने के लिए मतदान की अपील की।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा, लोक सभा चुनाव-2024 के आज दूसरे चरण के मतदान में सम्मानित मतदाताओं से अपील है कि ‘सुरक्षित व विकसित भारत’ के लिए मतदान अवश्य करें। आपका एक-एक वोट देश का स्वर्णिम भविष्य बनाने में निर्णायक है। पहले मतदान, फिर जलपान।’
मतदान करने के लिए अपील करते हुए एक वीडियो भी अपलोड
वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने लिखा, पहले मतदान, फिर जलपान मौका है मतदान का देश के सम्मान का जिम्मेदारी निभाने का भारत को विकसित बनाने का। इसके साथ ही उन्होंने जनता से मतदान करने के लिए अपील करते हुए एक वीडियो भी अपलोड किया, जिसमें उन्होंने मतदाताओं से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की।
मतदान हर नागरिक का अधिकार ही नहीं, कर्तव्य भी
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने लिखा, ‘लोकसभा चुनाव-2024 के आज दूसरे चरण के मतदान में सम्मानित मतदाताओं से अपील है कि सुरक्षित व विकसित भारत’ के लिए अवश्य मतदान करें। आपका एक-एक वोट देश का स्वर्णिम भविष्य बनाने में निर्णायक है।पूर्व मंत्री व भाजपा नेत्री स्वाती सिंह ने कहा कि मतदान हर नागरिक का अधिकार ही नहीं, कर्तव्य भी है। हर व्यक्ति को सुबह बूथ पर जाकर सुरक्षित भारत के लिए मतदान अवश्य करना चाहिए। मतदान से पूर्व भारत के भविष्य पर विचार करना चाहिए, जिससे देश फिर से सोने की चिड़िया के रूप में विश्व में अग्रणी हो सके।
केशव प्रसाद मौर्य बोले- क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए मतदान करें
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लोकसभा आम चुनाव-2024 के अंतर्गत द्वितीय चरण के मतदाताओं से क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए मतदान की अपील की है। उप मुख्यमंत्री ने एक्स पर लिखा कि मेरा भारत, मेरा परिवार, जनता ने दिया ढेर सारा प्यार।अबकी बार 400 पार,फिर आएगी मोदी सरकार।आगे वह लिखते हैं कि आप अपने गाँव, क्षेत्र, जनपद के सर्वांगीण विकास व समृद्धि तथा आत्मनिर्भरता के लिए अधिक से अधिक संख्या में मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान अवश्य करें। मतदान करना आपका अधिकार भी व कर्तव्य भी।
लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए अधिक से अधिक करें वोट : सपा
लोकसभा चुनाव-2024 के द्वितीय चरण में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की आठ सीटों पर मतदान सुबह सात बजे से जारी है।चुनाव में सपा ने जनता से समर्थन मांगते हुए ‘पहले मतदान-फ़िर जलपान’ करने को कहा है। सपा ने अपील की है कि लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए ज्यादा से ज्यादा मतदान करें।सपा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स से पोस्ट कर कहा कि ‘पहले मतदान-फ़िर जलपान’। अपनी पोस्ट में सपा ने लिखा कि आज लोकतंत्र के महापर्व का दूसरा चरण है।सभी मतदाता भाइयों और बहनों से आग्रह है कि लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए, पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के हक और सम्मान के लिए, देश व प्रदेश की खुशहाली और तरक्की के लिए अधिक से अधिक मतदान करें।
अच्छी सरकार’ के लिए वोट करने के लिए आगे आयें : मायावती
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है।अपने सोशल अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए मायावती ने कहा कि देश में आज लोकसभा के लिए दूसरे चरण के मतदान हो रहा है। इसमें खासकर गरीबों, बेरोजगारों, किसानों, महिलाओं व अन्य वंचितों को यह जरूर सोचना है कि भाजपा के अच्छे दिन तो आपने ला दिए लेकिन आपके ‘अच्छे दिन’ लाने के उनके बहुप्रचारित लुभावने वादे का क्या हुआ? बल्कि उनका जीवन इतना त्रस्त क्यों है।
भाजपा द्वारा भी बड़ी वादाखिलाफी
आगे उन्होंने कहा कि कांग्रेस के ‘गरीबी हटाओ’ की तरह भाजपा द्वारा भी बड़ी वादाखिलाफी, जबकि देश को संविधान के मानवतावादी व कल्याणकारी पवित्र उद्देश्य के तहत चलाकर बहुजनों का अपेक्षित विकास सरकार का मूल कर्तव्य। फिर करोड़ों गरीबों, एससी, एसटी, ओबीसी, अल्पसंख्यकों का जीवन लगातार लाचार, बदहाल क्यों?बसपा प्रमुख ने आगे कहा कि किसी व्यक्ति या पार्टी विशेष के बजाय देश व देश के करीब सवा सौ करोड़ मेहनतकश जनता की गरीबी व बेरोजगारी-मुक्त ‘अच्छे दिन’ लाने के लिए वोट करने में ही देश व जनहित निहित। देश में बहुजन-हितैषी ‘अच्छी सरकार’ के लिए वोट करने के लिए आगे आयें। अतः ‘पहले मतदान फिर जलपान’।
