smupnews

ओमप्रकाश राजभर के बाद अब दारा सिंह चौहान भी भाजपा में होंगे शामिल

लखनऊ । उत्तर प्रदेश में लोक सभा चुनाव को लेकर राजनीतिक उथल पुथल शुरू हो गई है। सुभासपा से भाजपा के गठबंधन के एलान के बाद अब विधानसभा से इस्तीफा देने वाले सपा विधायक दारा सिंह चौहान भी कल भाजपा में शामिल हो जाएंगे। प्रदेश मुख्यालय पर भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में वह पार्टी की सदस्यता लेंगे। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी भी मौजूद रहेंगे।

चौहान ने शनिवार को ही दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इसके पहले उन्होंने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। वह सपा के टिकट पर घोसी (मऊ) से विधायक चुने गए थे। पिछड़े वर्ग (नोनिया जाति) से आने वाले दारा सिंह मऊ व आजमगढ़ में अपने सजातीय समाज में खासा दखल रखते हैं। लोकसभा चुनाव से पहले उनका पार्टी छोड़ना सपा के लिए झटके से कम नहीं है।दारा सिंह चौहान ने ई-मेल के माध्यम से विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को अपना इस्तीफा भेजा था और फोन से बात भी की थी। शनिवार व रविवार को अवकाश होने के कारण माना जा रहा है कि सोमवार को उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया जाएगा।

दारा सिंह ने राजनीति की शुरुआत बसपा से की थी। वह साल 1996 व 2000 में राज्यसभा के सदस्य रह चुके हैं। इसके अलावा वह 2009 में बसपा के टिकट पर घोसी से लोकसभा चुनाव जीते। फरवरी 2015 में उन्होंने दिल्ली में भाजपा के तत्कालीन अध्यक्ष अमित शाह के सामने पार्टी की सदस्यता ली। वर्ष 2017 में वह मधुबन से भाजपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़कर विधायक बने। वर्ष 2022 में सपा के टिकट पर घोसी से विधायक जरूर चुने गए, लेकिन चुनाव के बाद सपा से उनके रिश्ते सहज नहीं रहे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *