लखनऊ। भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई मोहम्मद कैफ और मोहम्मद हसीब के खिलाफ लखनऊ के आशियाना थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। एक तलाकशुदा महिला की शिकायत पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
महिला ने मोहम्मद कैफ पर शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ संबंध बनाने का आरोप लगाया है। वहीं, मोहम्मद हसीब पर महिला को कथित रूप से धमकाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर पूरे मामले की जांच की जा रही है।
एफआईआर के मुताबिक, महिला की मुलाकात वर्ष 2020 में एक दोस्त के माध्यम से मोहम्मद कैफ से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत और मुलाकातों का सिलसिला बढ़ता गया। महिला का आरोप है कि अगस्त 2023 में कैफ ने उससे शादी करने की इच्छा जताई थी।
महिला के अनुसार, उसने मोहम्मद कैफ को पहले ही बता दिया था कि वह तलाकशुदा है और उसका एक बेटा भी है। आरोप है कि कैफ ने महिला के अतीत और उसके बेटे को लेकर किसी तरह की आपत्ति न होने की बात कही और शादी का भरोसा दिलाया। महिला का कहना है कि इसी भरोसे के बाद दोनों के बीच कई बार शारीरिक संबंध बने।
शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि जब भी वह शादी की बात करती थी तो कैफ उसे भरोसा दिलाते थे और उचित समय आने पर शादी करने की बात कहते थे। महिला के मुताबिक, कैफ ने आईपीएल 2025 के ऑक्शन के बाद निश्चित रूप से शादी करने का आश्वासन भी दिया था।
महिला ने मोहम्मद कैफ पर उसकी नौकरी छुड़वाने का भी आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, जब तय समय पर शादी नहीं हुई तो उसने इस संबंध में मोहम्मद हसीब से भी संपर्क किया, लेकिन उसे कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
महिला का आरोप है कि उसके एक पॉडकास्ट के बाद मोहम्मद कैफ ने उससे दोबारा संपर्क किया और शादी का वादा करते हुए पॉडकास्ट बंद करने के लिए कहा। महिला के अनुसार, इसके बाद भी उसके साथ संबंध बनाए गए।
एफआईआर में मोहम्मद हसीब पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। महिला का कहना है कि हसीब ने कथित तौर पर बदरुद्दीन नाम के एक व्यक्ति के माध्यम से उसे अमरोहा बुलाया, जहां उसे डराया-धमकाया गया और जान से मारने की धमकी दी गई।
महिला की शिकायत के आधार पर आशियाना पुलिस ने मोहम्मद कैफ और मोहम्मद हसीब के खिलाफ बीएनएस की धारा 69 और 351 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी आरोपों की जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े : तमिलनाडु के अधिकारों की रक्षा और भ्रष्टाचार मुक्त शासन का संकल्प: सीएम विजय
यह भी पढ़े : योगी बोले- यूपी अब ‘उपद्रव प्रदेश’ नहीं, ‘उत्सव प्रदेश’, सुशासन मॉडल के रूप में बना रहा पहचान









