कंपनी बाग में हुआ वृक्षारोपण, 30 जिलों के करीब 100 क्लबों ने पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
प्रयागराज। पर्यावरण संरक्षण और लोगों को प्रकृति के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लायंस इंटरनेशनल के विभिन्न क्लबों ने बड़े स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया। मंडलाध्यक्ष उदय चंदानी की प्रेरणा और पर्यावरण चेयरपर्सन माला मिश्रा के नेतृत्व में कंपनी बाग में वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान सदस्यों ने ‘मां के नाम एक पेड़’ अभियान के तहत पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में शामिल सदस्यों ने वृक्षारोपण के साथ ही आसपास स्वच्छता बनाए रखने, पॉलिथीन का कम से कम उपयोग करने और लोगों को गंदगी फैलाने से रोकने का संकल्प लिया। सभी ने जल, थल और नभ की रक्षा के लिए भी शपथ ली।

मीडिया चेयरपर्सन लालू मित्तल ने कहा कि विकास की तेज रफ्तार में प्रकृति को हो रहे नुकसान को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने लोगों से समय रहते पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने की अपील की। मंडलाध्यक्ष उदय चंदानी ने कहा कि जंगल कम हो रहे हैं, जल स्रोत सिकुड़ रहे हैं और प्रदूषण बढ़ने के साथ मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। ऐसे में हर व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण में अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
सामूहिक सेवा कार्यक्रम में पूर्व गवर्नर डॉ. आरकेएस चौहान, माधुरी सिंह, धीरेंद्र मिश्रा, पर्यावरण चेयरपर्सन माला मिश्रा, डॉ. पीसी मिश्रा, मंजू मिश्रा सहित विभिन्न लायंस क्लबों के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
आयोजकों के अनुसार यह पर्यावरण सेवा अभियान 30 जिलों में एक साथ चलाया जा रहा है, जिसमें करीब 100 लायंस क्लब शामिल हैं। बड़ी संख्या में क्लबों की भागीदारी के साथ चलाया जा रहा यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में लायंस इंटरनेशनल की सामूहिक सेवा भावना को मजबूत करता है।
यह भी पढ़े : तमिलनाडु के अधिकारों की रक्षा और भ्रष्टाचार मुक्त शासन का संकल्प: सीएम विजय
यह भी पढ़े : योगी बोले- यूपी अब ‘उपद्रव प्रदेश’ नहीं, ‘उत्सव प्रदेश’, सुशासन मॉडल के रूप में बना रहा पहचान









