फोटोकॉपी कराने दुकान पर पहुंचे युवक पर दो अज्ञात बदमाशों ने किया हमला, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
लखनऊ। मलिहाबाद थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब फोटोकॉपी कराने एक दुकान पर पहुंचे एलआईसी बीमा एजेंट को दो अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले सीएचसी मलिहाबाद ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे ट्रॉमा सेंटर, केजीएमयू रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना 11 सितंबर की शाम करीब 7 बजे बैंक ऑफ इंडिया, ढेढेमऊ के सामने स्थित दुर्गेश मोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक की दुकान के पास हुई। ग्राम सैफलपुर, थाना काकोरी निवासी 36 वर्षीय समेन्द्र यादव पुत्र उमाशंकर एलआईसी बीमा एजेंट हैं। वह दुकान पर फोटोकॉपी कराने पहुंचे थे।
इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे और समेन्द्र यादव को गोली मारकर मौके से फरार हो गए। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल समेन्द्र को तत्काल सीएचसी मलिहाबाद पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मलिहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा अन्य साक्ष्य जुटाकर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बताई गई है।
यह भी पढ़े : तमिलनाडु के अधिकारों की रक्षा और भ्रष्टाचार मुक्त शासन का संकल्प: सीएम विजय
यह भी पढ़े : योगी बोले- यूपी अब ‘उपद्रव प्रदेश’ नहीं, ‘उत्सव प्रदेश’, सुशासन मॉडल के रूप में बना रहा पहचान









