एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई; 37.50 लाख रुपये कीमत का गांजा और फर्जी नंबर प्लेट लगी दो कारें बरामद
लखनऊ । उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने कमिश्नरेट गाजियाबाद पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए ट्रॉनिका सिटी, लोनी क्षेत्र से अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के रौनक गैंग का सक्रिय सदस्य प्रिंस कुमार भी शामिल है। आरोपियों के कब्जे से करीब 150 किलोग्राम अवैध गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 37.50 लाख रुपये है, बरामद किया गया। इसके अलावा फर्जी नंबर प्लेट लगी दो कारें भी पुलिस ने कब्जे में ली हैं।
ओडिशा से बिहार के रास्ते एनसीआर तक पहुंचता था गांजा
एसटीएफ के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी प्रिंस पिछले करीब दो वर्षों से गांजा तस्करी और बिक्री में शामिल था। फरवरी 2026 में वह रौनक नाम के व्यक्ति के संपर्क में आया, जिसके बाद ओडिशा से गांजा लाकर बिहार के रास्ते दिल्ली-एनसीआर और मेरठ में सप्लाई करने लगा।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गिरोह ओडिशा के फुलवानी, संबलपुर और कटक से गांजा लेकर बिहार के रास्ते एनसीआर तक पहुंचाता था। दिल्ली-एनसीआर में सोनू उर्फ रोहित नाम के व्यक्ति के माध्यम से गांजा सप्लाई किए जाने की बात भी सामने आई है।

पुलिस से बचने के लिए अपनाते थे अलग तरीका
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि तस्करी के दौरान वे दो अलग-अलग कारों में गांजा रखते थे और दोनों वाहनों को कुछ दूरी बनाकर आगे-पीछे चलाते थे। उनका मकसद यह था कि अगर एक वाहन पुलिस की पकड़ में आ जाए तो दूसरा वाहन गांजे के साथ फरार हो सके।
आरोपियों के अनुसार, एक खेप पहुंचाने के लिए उन्हें करीब 30 से 40 हजार रुपये मिलते थे और वे महीने में सात से आठ बार दिल्ली-एनसीआर में गांजा सप्लाई करते थे।
गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों और नेपाल तक फैला
एसटीएफ के मुताबिक, गिरफ्तार प्रिंस ने खुद को बिहार के रौनक गैंग का सदस्य बताया है। पूछताछ में उसने गिरोह के सरगना के रूप में रोशन कुमार सिंह का नाम बताया, जो बिहार के लखीसराय जिले का निवासी बताया गया है। पुलिस के अनुसार गिरोह का नेटवर्क बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और नेपाल तक फैला होने की जानकारी सामने आई है।
एसटीएफ और स्थानीय पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और गांजा सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
- प्रिंस कुमार पुत्र रामजी प्रसाद, निवासी मनेर, पटना, बिहार।
- आशीष कुमार पुत्र मनोज शाह, निवासी बीहियां, भोजपुर, बिहार।
- सोनू कुमार पुत्र स्व. सुरेंद्र प्रसाद, निवासी भोजपुर, बिहार।
- राजा कुमार पुत्र अनुल साहनी, निवासी मनेर, पटना, बिहार।
- रोहित कुमार पुत्र शिवाधर राय, निवासी भोजपुर, बिहार।
ये सामान हुआ बरामद
- 23 पैकेट में करीब 150 किलोग्राम अवैध गांजा
- गांजे की अनुमानित कीमत 37.50 लाख रुपये
- फर्जी नंबर प्लेट लगी दो सफेद कारें—स्विफ्ट डिजायर और हुंडई ऑरा
यह कार्रवाई 24 अगस्त 2026 की रात करीब 9:24 बजे थाना ट्रॉनिका सिटी, लोनी क्षेत्र में की गई। आरोपियों के खिलाफ ट्रॉनिका सिटी थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।
यह भी पढ़े : तमिलनाडु के अधिकारों की रक्षा और भ्रष्टाचार मुक्त शासन का संकल्प: सीएम विजय
यह भी पढ़े : योगी बोले- यूपी अब ‘उपद्रव प्रदेश’ नहीं, ‘उत्सव प्रदेश’, सुशासन मॉडल के रूप में बना रहा पहचान









