लखनऊ। राजधानी लखनऊ में मंगलवार देर रात आरएडब्ल्यू ग्रुप ऑफ कंपनीज के भवन में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। भवन में अत्यधिक धुआं भर जाने के कारण दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के साथ ही धुआं निकासी की प्रक्रिया भी शुरू की।
अग्निशमन विभाग के अनुसार, मंगलवार रात करीब 1:39 बजे हजरतगंज कंट्रोल रूम को एआरओ आईपी के माध्यम से सूचना मिली कि आरएडब्ल्यू ग्रुप ऑफ कंपनीज के भवन में आग लग गई है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए गोमतीनगर अग्निशमन केंद्र से तत्काल दो अग्निशमन वाहन और अग्निशमन अधिकारी को आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
भवन में भरा था अत्यधिक धुआं
मौके पर पहुंची दमकल टीम ने देखा कि भवन के अंदर काफी अधिक धुआं भरा हुआ था। स्थिति को देखते हुए अग्निशमन कर्मियों ने तत्काल आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की। इसके साथ ही भवन से धुआं बाहर निकालने की प्रक्रिया भी शुरू की गई, ताकि अंदर की स्थिति स्पष्ट हो सके और राहत कार्य में किसी तरह की बाधा न आए।
आग की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी, लखनऊ भी तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। उनके कुशल निर्देशन में दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के साथ ही भवन के अंदर सर्च अभियान चलाया।
यह सुनिश्चित किया कि कोई व्यक्ति अंदर फंसा न हो
दमकल टीम ने भवन के अलग-अलग हिस्सों में सर्च अभियान चलाकर यह सुनिश्चित किया कि आग या धुएं के बीच कोई व्यक्ति अंदर फंसा तो नहीं है। अग्निशमन कर्मियों के अथक प्रयास और कड़ी मेहनत के बाद आग पर शीघ्र ही नियंत्रण पा लिया गया।
अग्निशमन विभाग के मुताबिक, आग की घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग पर पूरी तरह काबू पाने और स्थिति सामान्य होने के बाद दमकल टीम ने राहत की सांस ली।
घटना के दौरान कुल आठ फायर टेंडर घटनास्थल पर पहुंचे और आग बुझाने की कार्रवाई में जुटे रहे। फिलहाल आग लगने के कारणों और इससे हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।
यह भी पढ़े : तमिलनाडु के अधिकारों की रक्षा और भ्रष्टाचार मुक्त शासन का संकल्प: सीएम विजय
यह भी पढ़े : योगी बोले- यूपी अब ‘उपद्रव प्रदेश’ नहीं, ‘उत्सव प्रदेश’, सुशासन मॉडल के रूप में बना रहा पहचान









