होम उप्र न्यूज़ मथुरा के राजकीय बाल गृह में 14 वर्षीय किशोरी की हत्या, पानी...

मथुरा के राजकीय बाल गृह में 14 वर्षीय किशोरी की हत्या, पानी की बाल्टी में डुबोकर मारने का आरोप

0
30

मथुरा। वृंदावन कोतवाली क्षेत्र के चैतन्य विहार स्थित राजकीय बाल गृह (बालिका) में 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने सनसनी फैला दी। पुलिस के मुताबिक, किशोरी की पानी से भरी बाल्टी में सिर डुबोकर हत्या किए जाने की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई है। घटना के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किए जाने की बात भी सामने आई है।

घटना की जानकारी शनिवार को उस समय हुई, जब बाल गृह परिसर के कमरा नंबर पांच के बाथरूम में किशोरी शिवानी का शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बाल गृह में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया गया।

तीन किशोरियों के साथ बाथरूम में गई थी शिवानी

पुलिस के अनुसार, शिवानी मूल रूप से बरेली की रहने वाली थी और प्रशासनिक संरक्षण में राजकीय बाल गृह में रह रही थी। उसकी मां मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और उपचार के लिए लखनऊ में हैं। शिवानी स्थानीय संदीपनी मुनी स्कूल में कक्षा दो में पढ़ती थी।

बाल गृह की प्रभारी अधीक्षिका द्वारा उपलब्ध कराई गई सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, सुबह करीब 11:08 बजे शिवानी तीन अन्य नामजद किशोरियों के साथ कमरा नंबर पांच के बाथरूम में गई थी। करीब 11:30 बजे एक अन्य किशोरी ने बाथरूम के अंदर झांककर देखा और फिर वापस अपने बिस्तर पर चली गई। इसके बाद करीब 11:48 बजे दो किशोरियां बाथरूम से बाहर आ गईं, लेकिन शिवानी बाहर नहीं आई।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि घटना के कई घंटे बाद शाम करीब पांच बजे कमरे में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ने का प्रयास किया गया। पुलिस पूछताछ के दौरान भी आरोपित किशोरियों द्वारा कथित तौर पर घटनाक्रम के बारे में गुमराह करने की कोशिश किए जाने की बात कही गई है।

पोस्टमार्टम में पानी में डुबोने से मौत की पुष्टि

शिवानी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पानी में डुबोने से दम घुटने के कारण मौत होने की पुष्टि हुई है। इसके बाद पुलिस ने हत्या के मामले में आगे की कार्रवाई तेज कर दी।

बाल गृह की प्रभारी अधीक्षिका प्रगति खरे की शिकायत पर पांच नामजद किशोरियों समेत अन्य के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने, आपराधिक साजिश और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, नामजद किशोरियों में एक अलीगढ़ और दूसरी पीलीभीत की रहने वाली है। इनमें से दोनों के संबंध में पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों में पीड़िता होने की जानकारी सामने आई है। एक किशोरी पर चोरी का आरोप भी बताया गया है।

जिलाधिकारी और एसएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने शनिवार शाम बाल गृह पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बाल गृह के कर्मचारियों और वहां रहने वाली अन्य किशोरियों से घटना के संबंध में जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए न्यायिक जांच कराने के संबंध में जिला जज को पत्र भेजा है। साथ ही मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए गए हैं, ताकि घटना के प्रत्येक पहलू की स्वतंत्र रूप से जांच हो सके।

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि संस्था प्रमुख की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और बाल गृह में रहने वाली अन्य किशोरियों तथा स्टाफ से पूछताछ की जा रही है। जांच का उद्देश्य हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका का पता लगाना है।

बरेली की रहने वाली थी शिवानी

प्रोबेशन अधिकारी के अनुसार, शिवानी के पिता की कई वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी थी। उसकी मां की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह लखनऊ के नारी संरक्षण केंद्र में रह रही हैं। शिवानी पहले रामपुर स्थित संरक्षण गृह में रह चुकी थी।

बताया गया कि बरेली बाल कल्याण समिति के आदेश के बाद 17 जून को शिवानी को मथुरा के राजकीय बाल गृह भेजा गया था। शनिवार को उसकी मौत के बाद पुलिस की मौजूदगी में मथुरा के ध्रुव घाट पर अंतिम संस्कार कराया गया।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं। सीसीटीवी फुटेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कर्मचारियों और अन्य अंतःवासियों के बयान के आधार पर घटना की पूरी कड़ी जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़े : स्वतंत्रता दिवस पर DGP राजीव कृष्ण ने फहराया तिरंगा, शहीद निरीक्षक सुनील कुमार को कीर्ति चक्र मिलने को बताया गौरव

यह भी पढ़े : लाल किले के स्वतंत्रता दिवस समारोह से लगातार दूसरी बार दूर रहे राहुल गांधी, विपक्षी नेता भी नदारद

यह भी पढ़े : तमिलनाडु के अधिकारों की रक्षा और भ्रष्टाचार मुक्त शासन का संकल्प: सीएम विजय

यह भी पढ़े : स्वतंत्रता दिवस पर Gen Z को पीएम मोदी की बड़ी सौगात, फ्री ऑनलाइन कोचिंग और AI ट्रेनिंग का ऐलान

यह भी पढ़े : योगी बोले- यूपी अब ‘उपद्रव प्रदेश’ नहीं, ‘उत्सव प्रदेश’, सुशासन मॉडल के रूप में बना रहा पहचान