होम उप्र न्यूज़ पीडीए पर घमासान तेज, अखिलेश का योगी सरकार पर हमला; बोले- ‘एकरंगी...

पीडीए पर घमासान तेज, अखिलेश का योगी सरकार पर हमला; बोले- ‘एकरंगी क्या जानें पीडीए के बहुरंग’

0
32

2027 से पहले सपा-भाजपा में बढ़ी सियासी तकरार, अखिलेश ने महंगाई, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों को लेकर सरकार को घेरा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच पीडीए को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पीडीए को लेकर दिए गए बयान पर सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पलटवार किया है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा पीडीए से घबराई हुई है और इसी वजह से उसकी परिभाषा बदलने की कोशिश कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “एकरंगी क्या जानें पीडीए के बहुरंग।”

अखिलेश यादव ने पीडीए का मतलब प्रेम, दया और अपनापन बताया। उन्होंने भाजपा पर सत्ता के कथित दुरुपयोग, भ्रष्टाचार और सरकारी बजट की लूट को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया।

‘पी का मतलब पाकिस्तान-भाजपा का मतलब भाग जाओ पाकिस्तान’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हालिया बयान का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा पीडीए को लेकर लगातार अपनी परिभाषा बदल रही है। योगी ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा था कि सपा गिरगिट की तरह रंग बदलती है और पीडीए में ‘पी’ का मतलब एक दिन पाकिस्तान कर देगी।

इस पर अखिलेश ने पलटवार करते हुए कहा, “पी का मतलब पाकिस्तान-भाजपा का मतलब भाग जाओ पाकिस्तान।” उन्होंने दावा किया कि भाजपा पीडीए से घबराई हुई है। अखिलेश के मुताबिक, जितनी पीड़ा बढ़ेगी, उतना ही पीडीए मजबूत होगा।

फर्जी मुठभेड़ और राम मंदिर चढ़ावे का उठाया मुद्दा

सपा अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार पर विपक्ष और पीडीए समाज के उत्पीड़न का आरोप लगाया। उन्होंने प्रदेश में कथित फर्जी मुठभेड़ों का मुद्दा उठाते हुए सरकार पर निशाना साधा। अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का जिक्र करते हुए अखिलेश ने आरोप लगाया कि सरकार ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और बड़े लोगों को बचाने का काम किया गया।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा के कथित षड्यंत्र को विफल करने की ताकत केवल समाजवादी पार्टी के पास है।

महंगाई और चीनी की कीमतों पर सरकार को घेरा

अखिलेश ने महंगाई को लेकर भी भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज रोजमर्रा की जरूरत की हर चीज महंगी हो गई है। पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने और चीनी की बढ़ती कीमतों का हवाला देते हुए उन्होंने सरकार पर मुनाफाखोरी का आरोप लगाया।

उन्होंने सरकार से सवाल किया कि यदि करीब 15 करोड़ लोगों को गरीब माना जा रहा है और उन्हें आयुष्मान कार्ड मिला है तो उनकी प्रति व्यक्ति आय कितनी है।

सभी 403 सीटों पर तैयारी का दावा

2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अखिलेश ने कहा कि सपा और उसके सहयोगी दल प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बार पार्टी दोहरी तैयारी के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।

सहयोगी दलों को लेकर अखिलेश ने कहा कि सपा अपने सहयोगियों को सम्मान देती है। उन्होंने सीट बंटवारे के संदर्भ में कहा कि यदि सपा सहयोगियों को पर्याप्त सीटें देती है तो सहयोगी दलों को भी उसी भावना के साथ सीटें देनी चाहिए। उन्होंने चौधरी चरण सिंह और अजित सिंह की राजनीतिक विरासत के सम्मान की भी बात कही।

जलभराव को लेकर भी सरकार पर निशाना

अखिलेश ने प्रयागराज और लखनऊ में जलभराव का मुद्दा उठाते हुए सरकार के विकास कार्यों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर भारी रकम खर्च होने के बावजूद बुनियादी समस्याएं बनी हुई हैं। प्रयागराज में विकास कार्यों पर खर्च के बावजूद जलभराव और अन्य समस्याओं का जिक्र करते हुए उन्होंने लखनऊ की स्थिति पर भी सरकार को घेरा।

डेयरी कारोबार के लिए नई नीति का वादा

सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर पशुपालन और डेयरी कारोबार से जुड़े लोगों के हित में नई नीति लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसी डेयरी नीति तैयार की जाएगी, जिससे पशुपालकों और कारोबार से जुड़े लोगों को आर्थिक लाभ मिल सके।

दिव्यांगों के लिए अलग घोषणापत्र का ऐलान

दिव्यांगजनों पर कथित लाठीचार्ज का मुद्दा उठाते हुए अखिलेश ने कहा कि सपा की सरकार बनने पर दिव्यांगों को सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने दिव्यांगजनों के लिए अलग घोषणापत्र तैयार करने और जरूरतमंद दिव्यांगों को इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने की बात कही।

महिलाओं और गरीबों की योजनाओं पर भी हमला

अखिलेश ने महिलाओं और गरीबों को आर्थिक सहायता देने से जुड़े वादों को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब सपा ने 40 हजार रुपये देने की घोषणा की थी, तब भाजपा ने इसे हवाहवाई बताया था, जबकि अब 50 हजार रुपये देने की बात कही जा रही है। उन्होंने महाराष्ट्र और बिहार की योजनाओं का जिक्र करते हुए लाभार्थियों के नाम हटाए जाने का भी आरोप लगाया।

बुलेटप्रूफ जैकेट से जुड़े सवाल पर अखिलेश ने कहा कि उन्हें अभी तक ऐसी जैकेट नहीं मिली है और उन्हें इसकी जरूरत भी नहीं है। उन्होंने कहा कि जिन्हें इसकी ज्यादा जरूरत है, उनसे जाकर पूछा जाना चाहिए।

वहीं, गौमूत्र को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश ने अपने अंदाज में तंज कसते हुए कहा कि उनके पार्टी कार्यालय में 200 लीटर गौमूत्र रखा हुआ है और सवाल यह है कि इसके लिए पैसा कहां से आएगा।

यह भी पढ़े : स्वतंत्रता दिवस पर DGP राजीव कृष्ण ने फहराया तिरंगा, शहीद निरीक्षक सुनील कुमार को कीर्ति चक्र मिलने को बताया गौरव

यह भी पढ़े : लाल किले के स्वतंत्रता दिवस समारोह से लगातार दूसरी बार दूर रहे राहुल गांधी, विपक्षी नेता भी नदारद

यह भी पढ़े : तमिलनाडु के अधिकारों की रक्षा और भ्रष्टाचार मुक्त शासन का संकल्प: सीएम विजय

यह भी पढ़े : स्वतंत्रता दिवस पर Gen Z को पीएम मोदी की बड़ी सौगात, फ्री ऑनलाइन कोचिंग और AI ट्रेनिंग का ऐलान

यह भी पढ़े : योगी बोले- यूपी अब ‘उपद्रव प्रदेश’ नहीं, ‘उत्सव प्रदेश’, सुशासन मॉडल के रूप में बना रहा पहचान