होम देश प्रदेश बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 17 IAS अधिकारियों की बदली जिम्मेदारी

बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 17 IAS अधिकारियों की बदली जिम्मेदारी

0
39

पंकज कुमार को गृह विभाग की कमान, राजेश कुमार बने पटना प्रमंडल के आयुक्त; पांच जिलों में नए जिलाधिकारी तैनात

पटना। बिहार सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 17 आईएएस अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में कई महत्वपूर्ण विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और सचिव स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। इसके साथ ही पटना प्रमंडल के आयुक्त और पांच जिलों के जिलाधिकारी भी बदले गए हैं।

नई व्यवस्था में पंकज कुमार को ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव पद से स्थानांतरित कर प्रधान सचिव, गृह विभाग बनाया गया है। वह जांच आयुक्त, सामान्य प्रशासन विभाग के अतिरिक्त प्रभार में भी बने रहेंगे। उनके गृह विभाग की जिम्मेदारी संभालने के बाद उद्योग विभाग के सचिव कुन्दन कुमार गृह विभाग के सचिव के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त हो जाएंगे।

एच. आर. श्रीनिवास को समाज कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव पद से हटाकर ग्रामीण विकास विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। वह जांच आयुक्त, सामान्य प्रशासन विभाग के अतिरिक्त प्रभार में पूर्ववत बने रहेंगे। वहीं विनय कुमार को नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव पद से स्थानांतरित कर वित्त विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है। उन्हें अगले आदेश तक नगर विकास एवं आवास विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

पटना प्रमंडल में भी बदलाव किया गया है। राजेश कुमार, जो अब तक लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के प्रधान सचिव थे, उन्हें स्थानांतरित कर आयुक्त, पटना प्रमंडल बनाया गया है। वहीं पटना प्रमंडल के वर्तमान आयुक्त मयंक वरवड़े को स्थानांतरित कर प्रधान सचिव, निगरानी विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

संजय कुमार सिंह को वित्त विभाग के सचिव पद से स्थानांतरित कर मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग का सचिव बनाया गया है। वह वाणिज्य कर विभाग, वाणिज्य कर आयुक्त, GST के अपर आयुक्त और मुख्यमंत्री सचिवालय के अतिरिक्त प्रभार में पूर्ववत बने रहेंगे।

शिक्षा विभाग में भी महत्वपूर्ण बदलाव हुआ है। राजीव रौशन को सचिव, उच्च शिक्षा विभाग से स्थानांतरित कर सचिव, शिक्षा विभाग बनाया गया है। वह उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त प्रभार के साथ सचिव (संसाधन), वित्त विभाग की जिम्मेदारी भी संभालते रहेंगे। वहीं विनोद सिंह गुंजियाल को सचिव, समाज कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है और उन्हें शिक्षा विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है।

बी. कार्तिकेय धनजी को सचिव, लघु जल संसाधन विभाग से स्थानांतरित कर सचिव, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग बनाया गया है। वह जांच आयुक्त, सामान्य प्रशासन विभाग के अतिरिक्त प्रभार में बने रहेंगे। चन्द्रशेखर सिंह को लघु जल संसाधन विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं नवदीप शुक्ला को बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के परियोजना निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

पांच जिलों में नए डीएम

सरकार ने जिला स्तर पर भी बड़ा बदलाव किया है। मनेश कुमार मीणा को निदेशक, खान के पद से स्थानांतरित कर भोजपुर का जिलाधिकारी बनाया गया है। रिची पाण्डेय को सीतामढ़ी से स्थानांतरित कर बेगूसराय का डीएम नियुक्त किया गया है।

इसी तरह विजय प्रकाश मीणा को नगर विकास एवं आवास विभाग से स्थानांतरित कर सिवान का जिलाधिकारी बनाया गया है। तनय सुल्तानिया को भोजपुर से हटाकर सीतामढ़ी का डीएम नियुक्त किया गया है। वहीं कुमार अनुराग को बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक पद से स्थानांतरित कर कैमूर (भभुआ) का जिलाधिकारी बनाया गया है।

नए जिलाधिकारियों को संबंधित जिलों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-14 के तहत जिला दण्डाधिकारी की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। इस प्रशासनिक फेरबदल से बिहार सरकार के गृह, वित्त, ग्रामीण विकास, शिक्षा, निगरानी और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण समेत कई महत्वपूर्ण विभागों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां पुनर्निर्धारित हुई हैं।

यह भी पढ़े : स्वतंत्रता दिवस पर DGP राजीव कृष्ण ने फहराया तिरंगा, शहीद निरीक्षक सुनील कुमार को कीर्ति चक्र मिलने को बताया गौरव

यह भी पढ़े : लाल किले के स्वतंत्रता दिवस समारोह से लगातार दूसरी बार दूर रहे राहुल गांधी, विपक्षी नेता भी नदारद

यह भी पढ़े : तमिलनाडु के अधिकारों की रक्षा और भ्रष्टाचार मुक्त शासन का संकल्प: सीएम विजय

यह भी पढ़े : स्वतंत्रता दिवस पर Gen Z को पीएम मोदी की बड़ी सौगात, फ्री ऑनलाइन कोचिंग और AI ट्रेनिंग का ऐलान

यह भी पढ़े : योगी बोले- यूपी अब ‘उपद्रव प्रदेश’ नहीं, ‘उत्सव प्रदेश’, सुशासन मॉडल के रूप में बना रहा पहचान