होम देश प्रदेश लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में भगदड़, सात श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल

लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में भगदड़, सात श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल

0
36

सावन के तीसरे सोमवार पर उमड़ी थी भारी भीड़, बिजली के तार से करंट फैलने की अफवाह के बाद मची भगदड़

लखीसराय । बिहार के लखीसराय में प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में सावन की तीसरी सोमवारी को सुबह-सुबह बड़ा हादसा हो गया। मंदिर परिसर में जलाभिषेक के लिए जुटी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच करीब सुबह 6:40 बजे भगदड़ मच गई। इस हादसे में अब तक 7 श्रद्धालुओं की मौत की सूचना है। जबकि 12 से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

डीएम ने बताया भगदड़ का कारण

लखीसराय के डीएम शैलेंद्र कुमार ने कहा, “श्रद्धालुओं की लाइन अशोकधाम हॉल्ट तक पहुंच गई थी। हॉल्ट पर दो ट्रेनें रुकी हुई थीं। अचानक वहां बिजली का एक खंभा गिर गया। यह खंभा पुरुषों की लाइन के ओर था। खंभा गिरने पर अफ़वाह फैल गई कि लोगों पर बिजली का तार (लाइव वायर) गिर गया है, लेकिन वह केबल वायर था। इससे बाईं ओर महिलाओं की लाइन पर दबाव बन गया। इस वजह से महिलाएं एक-दूसरे के ऊपर गिर गईं। पुलिस प्रशासन सुबह 3 बजे से ही वहां गश्त कर रहा था। यह सब अचानक 2 मिनट के अंदर हुआ।”

श्रद्धालुओं की मौत पर सीएम सम्राट ने जताया दुख

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लखीसराय के अशोकधाम में हुई भगदड़ की घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर से मन व्यथित है। मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित और त्वरित इलाज के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश भी दिए हैं।मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “लखीसराय के अशोकधाम की घटना अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है।

शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं

हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर से मन व्यथित है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के समुचित व त्वरित इलाज के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने भी लखीसराय में भगदड़ के दौरान श्रद्धालुओं की मौत पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “मर्माहत हूं। ॐ शांति। श्रावण सोमवार के अवसर पर आज सुबह लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में भगदड़ में कई श्रद्धालुओं की मृत्यु की सूचना से मन व्यथित है।”

हादसे में 7 महिलाओं की मृत्यु की खबर अत्यंत हृदयविदारक

उन्होंने पोस्ट में लिखा, “हम सभी की संवेदनाएं शोकाकुल परिवारजनों के साथ हैं। ईश्वर से उन्हें यह अपार दुख सहने की शक्ति प्रदान करने और घायलों को शीघ्र स्वस्थ करने की प्रार्थना करता हूं।”बिहार के सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने लिखा,”लखीसराय में हुए दर्दनाक हादसे में 7 महिलाओं की मृत्यु की खबर अत्यंत हृदयविदारक है। इस दुखद घटना में दिवंगत आत्माओं को भावभीनी श्रद्धांजलि और शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”

साल 2019 में भी यहां मची थी भगदड़

अशोक धाम मंदिर में 12 अगस्त 2019 (सावन माह का अंतिम सोमवार) को भगदड़ मच गई थी। उस दौरान हादसे में एक 60 वर्षीय श्रद्धालु की मौत हो गई थी. इसके साथ ही कई लोग घायल हो गए थे। साथ ही तकरीबन 8 लोग बेहोश हो गए। टाउन थाना के प्रभारी और जिला प्रशासन ने कहा था कि स्थिति जल्दी नियंत्रण में आ गई। डीएम ने मौत और बेहोशी का कारण उपवास बताया और कहा कि मंदिर प्रबंधन में कोई बड़ी चूक नहीं थी।

यह भी पढ़े : स्वतंत्रता दिवस पर DGP राजीव कृष्ण ने फहराया तिरंगा, शहीद निरीक्षक सुनील कुमार को कीर्ति चक्र मिलने को बताया गौरव

यह भी पढ़े : लाल किले के स्वतंत्रता दिवस समारोह से लगातार दूसरी बार दूर रहे राहुल गांधी, विपक्षी नेता भी नदारद

यह भी पढ़े : तमिलनाडु के अधिकारों की रक्षा और भ्रष्टाचार मुक्त शासन का संकल्प: सीएम विजय

यह भी पढ़े : स्वतंत्रता दिवस पर Gen Z को पीएम मोदी की बड़ी सौगात, फ्री ऑनलाइन कोचिंग और AI ट्रेनिंग का ऐलान

यह भी पढ़े : योगी बोले- यूपी अब ‘उपद्रव प्रदेश’ नहीं, ‘उत्सव प्रदेश’, सुशासन मॉडल के रूप में बना रहा पहचान