होम दुनिया बलूचिस्तान में BLA का बड़ा दावा, 8 दिन में 26 पाकिस्तानी सैन्यकर्मियों...

बलूचिस्तान में BLA का बड़ा दावा, 8 दिन में 26 पाकिस्तानी सैन्यकर्मियों को मारने की बात

0
22

9 से 16 अगस्त के बीच 22 ठिकानों पर हमले का दावा, कई चौकियों और पुलों को उड़ाने की भी बात

इस्लामाबाद। बलूचिस्तान को पाकिस्तान से अलग करने के लिए सशस्त्र अभियान चला रहे बलोच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तान की सेना को भारी नुकसान पहुंचाने का दावा किया है। संगठन के प्रवक्ता जैंद बलोच ने मीडिया को भेजे बयान में कहा कि उसके लड़ाकों ने 9 से 16 अगस्त के बीच बलूचिस्तान में पाकिस्तान सेना और सुरक्षा बलों से जुड़े ठिकानों पर कई हमले किए।

BLA के मुताबिक, आठ दिनों के दौरान 22 अलग-अलग स्थानों पर की गई कार्रवाई में पाकिस्तान के 26 सैन्य अधिकारी और जवान मारे गए। संगठन ने यह भी दावा किया कि उसके लड़ाकों ने सुरक्षा बलों से जुड़े एक व्यक्ति को जिंदा पकड़ लिया।

सैन्य ठिकानों और सुरक्षा चौकियों पर हमले

जैंद बलोच के अनुसार, BLA के लड़ाकों ने सैन्य ठिकानों, पुलिस थानों और सुरक्षा चौकियों को निशाना बनाया। इस दौरान कई पुलों को विस्फोट कर उड़ाने और नौ सरकारी वाहनों को नष्ट करने का भी दावा किया गया है। संगठन ने कहा कि इन कार्रवाइयों के दौरान उसके दो कमांडर भी मारे गए।

BLA ने यह भी दावा किया कि उसके लड़ाकों ने पाकिस्तान सेना और सुरक्षा बलों के ठिकानों से बड़ी संख्या में हथियार कब्जे में लिए। संगठन के अनुसार, 12 अगस्त को दिन के समय चगाई इलाके में चेथर थाने को विस्फोट के जरिए निशाना बनाया गया।

कलात में सैन्य वाहनों पर हमले का दावा

संगठन के बयान के मुताबिक, 12 अगस्त की रात कलात के रुडिंजो इलाके में सैन्य वाहनों को निशाना बनाकर हमला किया गया। BLA ने दावा किया कि इस कार्रवाई में 17 सैन्य अधिकारी और जवान मारे गए।

BLA का कहना है कि इन हमलों को पाकिस्तान के सुरक्षा बलों द्वारा बलूचिस्तान के विभिन्न इलाकों में की जा रही कार्रवाई के जवाब में अंजाम दिया गया। संगठन ने पाकिस्तानी सेना पर स्थानीय लोगों और कैदियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आरोप भी लगाया है।

मस्तुंग और खुजदार में हेलीकॉप्टर से कार्रवाई का दावा

रिपोर्ट के अनुसार, इसके बाद पाकिस्तान की सेना ने मस्तुंग और खुजदार के इलाकों में हेलीकॉप्टर और ड्रोन के जरिए कार्रवाई की। स्थानीय सूत्रों के हवाले से रिहायशी इलाकों में भी ड्रोन इस्तेमाल किए जाने का दावा किया गया है।

इसी दौरान क्वेटा में अफगान सेना के एक पूर्व कमांडर की गोली लगने से मौत होने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि, इस घटना और सैन्य कार्रवाई से जुड़ी सभी जानकारियों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

बलूचिस्तान में पाकिस्तान सरकार और BLA के बीच लंबे समय से संघर्ष जारी है। BLA बलूचिस्तान की स्वतंत्रता की मांग करता है और पाकिस्तानी सुरक्षा बलों तथा सरकारी प्रतिष्ठानों के खिलाफ सशस्त्र हमले करता रहा है। दूसरी ओर, पाकिस्तान सरकार BLA को प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन मानती है।

यह भी पढ़े : स्वतंत्रता दिवस पर DGP राजीव कृष्ण ने फहराया तिरंगा, शहीद निरीक्षक सुनील कुमार को कीर्ति चक्र मिलने को बताया गौरव

यह भी पढ़े : लाल किले के स्वतंत्रता दिवस समारोह से लगातार दूसरी बार दूर रहे राहुल गांधी, विपक्षी नेता भी नदारद

यह भी पढ़े : तमिलनाडु के अधिकारों की रक्षा और भ्रष्टाचार मुक्त शासन का संकल्प: सीएम विजय

यह भी पढ़े : स्वतंत्रता दिवस पर Gen Z को पीएम मोदी की बड़ी सौगात, फ्री ऑनलाइन कोचिंग और AI ट्रेनिंग का ऐलान

यह भी पढ़े : योगी बोले- यूपी अब ‘उपद्रव प्रदेश’ नहीं, ‘उत्सव प्रदेश’, सुशासन मॉडल के रूप में बना रहा पहचान