पातला पीर दरगाह से जियारत कर लौट रहे थे लोग, हादसे में कई घायल, बस चालक हिरासत में
झालावाड़। राजस्थान के झालावाड़ जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पातला पीर दरगाह पर जियारत के बाद लौट रहे लोगों को एक बेकाबू निजी बस ने कुचल दिया। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय थाना अधिकारी बुद्धराम के अनुसार, कुछ लोग कोटा जिले के रामगंजमंडी से झालावाड़ जिले के सारोला थाना क्षेत्र स्थित पातला पीर दरगाह पर जियारत के लिए आए थे। जियारत के बाद वापस लौटते समय वे अपनी बस की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दूसरी निजी बस की चपेट में आने से कई लोग घायल हो गए।
ब्रेक फेल होने से बेकाबू हुई बस
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि हादसे के दौरान बस के ब्रेक फेल हो गए थे। इसके बाद बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस कई लोगों को कुचलते हुए निकल गई। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा रहा है।
चार लोगों की मौत, कई घायल
हादसे में घायल लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, कुल सात लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी, जिनमें से चार की उपचार के दौरान मौत हो गई। अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।मृतकों की पहचान जायरीन अब्दुल हामिद, जायरीन रेहान, तालिब और अल्फेज के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई हादसे की भयावहता
एक घायल व्यक्ति ने बताया कि वे जियारत के बाद वापस लौट रहे थे और अपनी बस में बैठने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान अचानक दूसरी बस उनकी ओर आ गई और कई लोगों को कुचल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे में कई लोगों को गंभीर चोटें आईं।एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि बस के ब्रेक फेल होने के बाद वह बेकाबू हो गई और लोगों को रौंदते हुए आगे निकल गई। घायलों में कुछ लोगों के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
चालक हिरासत में, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस के चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों और घायलों से पूछताछ की जा रही है। हादसे की परिस्थितियों और बस में तकनीकी खराबी की भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़े : तमिलनाडु के अधिकारों की रक्षा और भ्रष्टाचार मुक्त शासन का संकल्प: सीएम विजय
यह भी पढ़े : योगी बोले- यूपी अब ‘उपद्रव प्रदेश’ नहीं, ‘उत्सव प्रदेश’, सुशासन मॉडल के रूप में बना रहा पहचान









