लखनऊ । पुलिस महानिदेशक यूपी राजीव कृष्णा द्वारा गुरुवार को बैंक ऑफ बड़ौदा के साथ संपादित समझौता ज्ञापन (MoU) के अंतर्गत संचालित पुलिस सैलरी पैकेज (PSP) योजना के तहत आकस्मिक दुर्घटना में मृत एवं दिव्यांग पुलिस कर्मियों के आश्रितों/लाभार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक यूपी द्वारा आकस्मिक दुर्घटना में मृत 31 पुलिस कर्मियों के परिजनों तथा 7 दिव्यांग पुलिस कर्मियों सहित कुल 38 लाभार्थियों को 56 करोड़ 71 लाख 59 हजार 800 रूपये की धनराशि के चेक वितरित किए गए।कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिदेशक यूपी ने मृत पुलिस कर्मियों के परिजनों से व्यक्तिगत रूप से भेंट कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की।

साथ ही दिव्यांग पुलिस कर्मियों एवं उनके परिजनों से भी मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा विभाग की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराए जाने का आश्वासन दिया। पुलिस महानिदेशक यूपी ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस अपने कर्मियों एवं उनके परिवारों के कल्याण के लिए सदैव प्रतिबद्ध है तथा कठिन परिस्थितियों में विभाग उनके साथ पूरी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ खड़ा रहेगा ।इस अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक, पुलिस मुख्यालय (PHQ) सहित बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक, उप महाप्रबंधक एवं शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े : सुबह जल्दी उठना क्यों है फायदेमंद? आयुर्वेद से जानिए दिन की सही शुरुआत का राज









