होम देश प्रदेश पीपलकोटी टनल हादसा: धामी ने संभाली रेस्क्यू की कमान, 16 मजदूर सुरक्षित...

पीपलकोटी टनल हादसा: धामी ने संभाली रेस्क्यू की कमान, 16 मजदूर सुरक्षित निकाले गए

0
32

देहरादून। चमोली जिले के पीपलकोटी में टीएचडीसी की निर्माणाधीन सुरंग में मलबा और पानी भरने की घटना के बाद उत्तराखंड सरकार ने राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देर रात देहरादून स्थित राज्य आपदा परिचालन केंद्र पहुंचकर पूरे ऑपरेशन की निगरानी शुरू की और अधिकारियों को सुरंग में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित निकालने के निर्देश दिए।

सुरंग में कुल 22 लोगों के फंसे होने की जानकारी मिली थी

प्रशासन के मुताबिक, सुरंग में कुल 22 लोगों के फंसे होने की जानकारी मिली थी। इनमें से 16 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि बाकी लोगों को निकालने के लिए बचाव दल लगातार काम कर रहे हैं।मुख्यमंत्री ने रेस्क्यू किए गए मजदूरों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने मजदूरों का हौसला बढ़ाते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार उनके इलाज और आगे के पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित करेगी।

सीएम ने बचाव कार्यो की समीक्षा की

धामी ने चमोली जिला प्रशासन के साथ-साथ एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सेना और अन्य बचाव एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखा। उन्होंने अभियान की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि रेस्क्यू ऑपरेशन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी गौरव कुमार से फोन पर बातचीत कर घटनास्थल की स्थिति और बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने चिकित्सा व्यवस्थाओं को भी पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा गया है कि जरूरत पड़ने पर गंभीर रूप से घायल लोगों को हेलीकॉप्टर के जरिए एम्स या किसी अन्य उच्च चिकित्सा संस्थान में भेजने की व्यवस्था की जाए।

डीएम स्वयं मौजूद रहकर राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी कर रहे

घटनास्थल पर जिलाधिकारी स्वयं मौजूद रहकर राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सेना और जिला प्रशासन की टीमें आपसी समन्वय के साथ रेस्क्यू में जुटी हैं। मौके पर आवश्यक मशीनरी, संसाधन और चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता सुरंग में मौजूद हर व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी एजेंसियां आपसी तालमेल के साथ तब तक अभियान जारी रखें, जब तक सभी लोगों को सुरक्षित बाहर नहीं निकाल लिया जाता।बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव विनोद कुमार सुमन समेत संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़े : झारखंड में सरकारी योजनाओं की रफ्तार पर CAG की रिपोर्ट, पीएम आवास के 6.32 लाख पात्र परिवार वंचित

यह भी पढ़े : श्रीराम मंदिर ट्रस्ट में बड़ा बदलाव, जगदीश शंकर आफले बने सचिव, आचार्य इंद्र देव मिश्र को मिली व्यवस्था प्रमुख की जिम्मेदारी

यह भी पढ़े : इंदिरा गांधी हत्या मामले में दोषी केहर सिंह का बेटा लड़ेगा चुनाव, वारिस पंजाब दे ने दिया टिकट

यह भी पढ़े : सुबह जल्दी उठना क्यों है फायदेमंद? आयुर्वेद से जानिए दिन की सही शुरुआत का राज