नगराम पुलिस की चेकिंग में ईको स्पोर्ट कार से बरामद हुआ गांजा, दो आईफोन और 12,500 रुपये भी मिले
लखनऊ। नगराम पुलिस ने अंतरजनपदीय गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 78.330 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक ईको स्पोर्ट कार, दो आईफोन और 12,500 रुपये भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट लखनऊ तरुण गाबा और संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध एवं मुख्यालय अपर्णा कुमार के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो. मुश्ताक के पर्यवेक्षण तथा अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार और सहायक पुलिस आयुक्त मोहनलालगंज राजेश कुमार सिंह के मार्गदर्शन में नगराम पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
हुसैनाबाद तिराहे पर चेकिंग के दौरान पकड़े गए
पुलिस के अनुसार 13 अगस्त 2026 को नगराम पुलिस नगराम-गंगागंज मार्ग स्थित हुसैनाबाद तिराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक काले रंग की चार पहिया ईको स्पोर्ट कार को रोककर तलाशी ली। वाहन में सवार दो युवकों से पूछताछ करने पर उनकी पहचान प्रिंस जायसवाल, निवासी ग्राम समेसी, थाना नगराम और अभिजीत पटेल उर्फ सेना, निवासी भाटन टोला, कस्बा व थाना नगराम के रूप में हुई।वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस को कार के अंदर छह बोरियों में कुल 78.330 किलोग्राम गांजा मिला। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से 12,500 रुपये नकद और दो आईफोन भी बरामद किए गए। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बहराइच से गांजा लाकर आसपास के जिलों में सप्लाई का दावा
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे एक गैंग के साथ मिलकर गांजा तस्करी करते हैं। उनके अनुसार गांजा बहराइच से लाकर लखनऊ, रायबरेली, बाराबंकी और आसपास के अन्य जिलों में गैंग के सदस्यों के माध्यम से खपाया जाता था।आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजा बेचने से उन्हें मोटा मुनाफा होता था। कथित तौर पर इस रकम को आपस में बांटकर ऐशो-आराम में खर्च किया जाता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने यह भी बताया कि तस्करी से अर्जित रकम से आईफोन खरीदे गए थे।
गांजा तस्करी के लिए खरीदी थी कार
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी प्रिंस जायसवाल ने बताया कि उसने ईको स्पोर्ट कार गांजा तस्करी के लिए ही खरीदी थी। इसी वाहन से गांजा एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाकर सप्लाई किया जाता था। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के समय दोनों आरोपी गांजे की खेप लेकर सप्लाई के लिए जा रहे थे।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
नगराम पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0-122/2026 के तहत धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
प्रिंस जायसवाल, पुत्र रामप्रकाश जायसवाल, उम्र करीब 25 वर्ष, निवासी ग्राम समेसी, थाना नगराम, जनपद लखनऊ।
अभिजीत पटेल उर्फ सेना, पुत्र काशीप्रसाद, उम्र करीब 26 वर्ष, निवासी भाटन टोला, कस्बा व थाना नगराम, जनपद लखनऊ।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी 12वीं तक शिक्षित हैं।
यह सामान हुआ बरामद
78.330 किलो अवैध गांजा, अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये
एक काले रंग की ईको स्पोर्ट कार
12,500 रुपये नकद
दो आईफोन, अनुमानित कीमत करीब 2.30 लाख रुपये
पुलिस टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली टीम में नगराम थानाध्यक्ष अंजनी कुमार सिंह, उपनिरीक्षक दिनेश कुमार पाठक, उपनिरीक्षक ऋषभ पाण्डेय, उपनिरीक्षक संदीप कुमार, उपनिरीक्षक राकेश कुमार मिश्रा, कांस्टेबल अखिलेश उपाध्याय, कांस्टेबल सुरजीत वर्मा और कांस्टेबल पवन कुमार यादव शामिल रहे।पुलिस अब आरोपियों से जुड़े अन्य लोगों और कथित तस्करी नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। पूछताछ में सामने आए नामों और तस्करी के नेटवर्क की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़े : सुबह जल्दी उठना क्यों है फायदेमंद? आयुर्वेद से जानिए दिन की सही शुरुआत का राज









