लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 के अवसर पर 15 अगस्त को जनभवन, लखनऊ में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर में यातायात एवं डायवर्जन व्यवस्था जारी की है। जनभवन में सुबह 8 बजे झंडारोहण कार्यक्रम तथा अपराह्न 4 बजे स्वल्पाहार कार्यक्रम प्रस्तावित है। कार्यक्रम के दौरान आम यातायात को सुचारु बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत कई प्रमुख मार्गों पर यातायात को डायवर्ट किया जाएगा।
यातायात पुलिस के अनुसार कार्यक्रम के दौरान वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा। प्रमुख चौराहों से जनभवन और आसपास के प्रतिबंधित मार्गों की ओर सामान्य यातायात को जाने की अनुमति नहीं होगी।
बंदरियाबाग चौराहे से यह रहेगा डायवर्जन
बंदरियाबाग चौराहा से सामान्य यातायात जनभवन, डीएसओ चौराहा और हजरतगंज की ओर नहीं जा सकेगा। इस मार्ग से आने वाले वाहनों को गोल्फ क्लब चौराहा अथवा एसएन ओवरब्रिज होकर अपने गंतव्य की ओर जाना होगा।
लालबत्ती चौराहे से इन मार्गों पर रोक
लालबत्ती चौराहा से सामान्य यातायात प्रेरणा केन्द्र तिराहा, एनेक्सी तिराहा और सिसेण्डी तिराहा की ओर नहीं जा सकेगा। वाहन चालक बंदरियाबाग चौराहा, गोल्फ क्लब चौराहा अथवा एसएन ओवरब्रिज होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
हजरतगंज से डीएसओ-बंदरियाबाग की ओर नहीं जा सकेंगे वाहन
हजरतगंज चौराहा से सामान्य यातायात को डीएसओ चौराहा और बंदरियाबाग चौराहा की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इस दिशा में जाने वाले वाहनों को पार्क रोड चौराहा होकर वैकल्पिक मार्ग से अपने गंतव्य की ओर जाना होगा।
रॉयल होटल चौराहे से भी यातायात डायवर्ट
रॉयल होटल चौराहा से सामान्य यातायात सिसेण्डी तिराहा, डीएसओ चौराहा, एनेक्सी तिराहा और प्रेरणा केन्द्र तिराहा की ओर नहीं जा सकेगा। वाहन चालक हजरतगंज चौराहा अथवा बलिग्टन चौराहा होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
डीएसओ से हजरतगंज तक एकल मार्ग निलंबित
यातायात पुलिस के अनुसार 15 अगस्त 2026 को डीएसओ चौराहा से पार्क रोड चौराहा तथा पार्क रोड चौराहा से हजरतगंज चौराहा तक एकल मार्ग अपरिहार्य कारणों के दृष्टिगत निलंबित रहेगा। इस दौरान वाहन चालकों को यातायात पुलिस द्वारा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करना होगा।
एम्बुलेंस और आपातकालीन सेवाओं को मिलेगी अनुमति
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सामान्य यातायात के लिए निर्धारित डायवर्जन मार्गों के अतिरिक्त यदि किसी व्यक्ति को चिकित्सकीय आपात स्थिति हो और उसके लिए कोई वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध न हो, तो एम्बुलेंस आदि को प्रतिबंधित मार्ग से जाने की अनुमति दी जा सकेगी। वीआईपी कार्यक्रम के दौरान ऐसी स्थिति में ट्रैफिक पुलिस एवं स्थानीय पुलिस द्वारा आवश्यकतानुसार मार्ग उपलब्ध कराया जाएगा।इसके लिए आमजन ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 पर संपर्क कर सकते हैं।
वाहन चालकों से सहयोग की अपील
यातायात पुलिस, लखनऊ ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान आमजन से यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। वाहन चालकों से कहा गया है कि वे कार्यक्रम के दौरान अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों की ओर न जाएं और यातायात पुलिस द्वारा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। इससे कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।यातायात पुलिस, लखनऊ द्वारा जारी इस व्यवस्था का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सुरक्षा के साथ-साथ शहर में यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित करना है।
भौगोलिक संदर्भ
यह भी पढ़े : सुबह जल्दी उठना क्यों है फायदेमंद? आयुर्वेद से जानिए दिन की सही शुरुआत का राज









