होमउप्र न्यूज़'हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाने वालों से पूछो, क्या जामा मस्जिद में हनुमान...

‘हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाने वालों से पूछो, क्या जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा कराएंगे?’

अयोध्या से सीएम योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला

अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या के बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विशाल जनसभा में विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। 432 करोड़ रुपये से अधिक की 217 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के अवसर पर उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल केवल आस्था का दिखावा करते हैं, जबकि उनकी सरकार ने अयोध्या को सनातन संस्कृति की वैश्विक पहचान दिलाई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन्होंने हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का पाप किया, वे बताएं कि क्या कभी जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा नहीं हो सकता, तो फिर हनुमानगढ़ी जैसी आस्था के केंद्र पर ऐसा क्यों कराया गया। योगी ने इसे करोड़ों हिंदुओं की भावनाओं से जुड़ा विषय बताते हुए विपक्ष पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया।

432 करोड़ की 217 परियोजनाओं की सौगात

बीकापुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 432 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 217 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। साथ ही पूर्व मंत्री मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा का अनावरण किया और अयोध्या के विकास पर आधारित लघु फिल्म का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता विकास और विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ना है।

भदरसा और खिरौनी-सुचित्तागंज के नाम बदलने की घोषणा

मुख्यमंत्री ने मंच से दो महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि भदरसा नगर पंचायत का नाम बदलकर “भरतपुर भरतकुंड नगर पंचायत” किया जाएगा, जबकि खिरौनी-सुचित्तागंज नगर पंचायत का नाम “मां ज्वाला नगर पंचायत” रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि भरत त्याग, सेवा और भाईचारे के प्रतीक हैं और अयोध्या की पहचान ऐसे ही आदर्शों से जुड़ी है।

‘सक्रिय जनप्रतिनिधि विकास की गारंटी’

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जहां जनप्रतिनिधि सक्रिय होते हैं, वहां विकास अपने आप दिखाई देता है। उन्होंने बीकापुर, मिल्कीपुर, रुदौली और गोसाईगंज का उदाहरण देते हुए कहा कि जनता ने सही प्रतिनिधियों का चुनाव किया, इसलिए इन क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं।

‘उपेक्षित अयोध्या अब विश्व की सांस्कृतिक राजधानी’

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय अयोध्या सड़क, बिजली और मूलभूत सुविधाओं से वंचित थी, लेकिन आज यह देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बन चुकी है। रामपथ, धर्मपथ, भक्ति पथ, राम की पैड़ी, गुप्तार घाट, सूरजकुंड और भरतकुंड जैसे स्थलों का कायाकल्प इसका प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप अयोध्या आज सोलर सिटी के रूप में भी विकसित हो रही है।

‘एयरपोर्ट से लेकर राम मंदिर तक बदली अयोध्या की तस्वीर’

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग पहले अयोध्या के विकास का विरोध करते थे, आज वही भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने महर्षि वाल्मीकि के नाम पर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाया, चौड़ी सड़कें दीं, रेल और सड़क संपर्क मजबूत किया और वर्षों से लंबित राम मंदिर निर्माण का सपना साकार किया।

‘500 वर्षों का इंतजार खत्म हुआ’

योगी ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने वर्षों तक राम मंदिर निर्माण में बाधाएं खड़ी कीं, लेकिन भाजपा सरकार ने संवैधानिक और शांतिपूर्ण तरीके से मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने कहा कि आज लाखों श्रद्धालु अयोध्या आकर भव्य राम मंदिर के दर्शन कर रहे हैं और पूरी दुनिया अयोध्या के बदलते स्वरूप की साक्षी बन रही है।

मुख्यमंत्री ने खराब मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों का आभार जताते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों से संघर्ष करना ही अयोध्या की पहचान है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में अयोध्या विकास, पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत के क्षेत्र में दुनिया के प्रमुख शहरों में शामिल होगी।

यह भी पढ़े : लखनऊ में सुनार को गोली मारकर हुई 1.5 करोड़ की लूट का खुलासा, दो शातिर बदमाश गिरफ्तार

यह भी पढ़े : राहुल गांधी ने राजस्थान के बस-ट्रक बॉडी बिल्डर्स से की मुलाकात, बोले- एमएसएमई विरोधी नीतियों से संकट में छोटे उद्योग

यह भी पढ़े : लखनऊ में पहली बार ‘बॉस स्कैम’ का खुलासा, 18 लाख की साइबर ठगी में 10.85 लाख रुपये पीड़ित को लौटाए

यह भी पढ़े : योगी कैबिनेट का बड़ा फैसला: शाहजहांपुर का जलालाबाद अब ‘परशुरामपुरी’ के नाम से जाना जाएगा

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments