लखनऊ । उत्तर प्रदेश पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ऑपरेशनल यूनिट आगरा ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हेरोइन की तस्करी में लिप्त चार पुरुष और एक महिला समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 70 लाख रुपये बताई जा रही
आरोपियों के कब्जे से 846 ग्राम हेरोइन, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 70 लाख रुपये बताई जा रही है, बरामद की गई है। इसके अलावा दो स्कूटी, 4,40,750 रुपये नकद, चार मोबाइल फोन तथा अन्य सामान भी बरामद हुआ है।यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश, अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था), अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध) तथा पुलिस महानिरीक्षक एएनटीएफ के निर्देशन में संचालित अभियान के तहत की गई।
खैर रोड पर घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी
एएनटीएफ ऑपरेशनल यूनिट आगरा और थाना रोरावर पुलिस की संयुक्त टीम ने 7 जुलाई 2026 को अलीगढ़ के थाना रोरावर क्षेत्र में खैर रोड स्थित जीडी पब्लिक स्कूल के सामने घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार किए गए आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है—
मोहसिन पुत्र जाहिद, निवासी महमूद नगर, थाना रोरावर, अलीगढ़।
शराफत खान पुत्र अशरफ खान, मूल निवासी ओल्ड मुस्तफाबाद, गोकलपुरी, दिल्ली, वर्तमान में रोरावर, अलीगढ़।
तनिष्क मित्तल पुत्र राजीव मित्तल, निवासी मामा-भांजा रेलवे रोड, थाना कोतवाली, अलीगढ़।
नीशु कश्यप पुत्र निरंजन, निवासी गांधी नगर, थाना गांधी पार्क, अलीगढ़।
टीया शर्मा पत्नी स्वर्गीय भरत जैन, निवासी गोविंदनगर, मथुरा।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे काफी समय से स्मैक/हेरोइन की सप्लाई का नेटवर्क चला रहे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी कासगंज निवासी एक व्यक्ति से हेरोइन खरीदकर अलीगढ़ और आसपास के जिलों में उसकी आपूर्ति करते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और सप्लायरों की तलाश में जुट गई है।
बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से निम्न सामान बरामद किया—
846 ग्राम अवैध हेरोइन (अनुमानित कीमत लगभग 1.70 करोड़ रुपये)
4,40,750 रुपये नकद
दो स्कूटी
चार मोबाइल फोन
तलाशी के दौरान फुटकर नकदी, पर्स और अन्य दस्तावेज
एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
इस मामले में थाना रोरावर, अलीगढ़ में मु.अ.सं. 297/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 8/22/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
इन अधिकारियों ने की कार्रवाई
इस अभियान का नेतृत्व एएनटीएफ ऑपरेशनल यूनिट आगरा के निरीक्षक हरवेंद्र मिश्र ने किया। उनके साथ मुख्य आरक्षी सुधीर कुमार, अजीत सिंह, आशीष शुक्ला, लखन लाल तथा चालक मुकेश चन्द्र शामिल रहे।
कार्रवाई में थाना रोरावर पुलिस ने भी सहयोग किया। सहयोगी टीम में उपनिरीक्षक महेश चंद, आरक्षी विपुल धीमान, महिला आरक्षी शालू तथा चालक प्रशांत कुमार शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार हुआ है। अब बरामद हेरोइन की सप्लाई चेन, वित्तीय लेन-देन और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े : लखनऊ में सुनार को गोली मारकर हुई 1.5 करोड़ की लूट का खुलासा, दो शातिर बदमाश गिरफ्तार
