प्रेमी की फोटो दिखाकर बोली- उसके साथ ही बिताना है जीवन, बिना फेरे लौट गई बारात
इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में एक शादी समारोह उस समय अचानक चर्चा का विषय बन गया, जब जयमाला की रस्म पूरी होने के कुछ ही देर बाद दुल्हन ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। दुल्हन ने दूल्हे को अपने प्रेमी की फोटो दिखाते हुए कहा कि वह उसी से प्रेम करती है और परिवार के दबाव में यह शादी कर रही है। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच लंबी बातचीत हुई और पुलिस की मौजूदगी में आपसी सहमति से विवाह संबंध समाप्त कर दिया गया।
दोनों परिवार खुशी-खुशी समारोह में शामिल थे
अंततः बारात बिना फेरे और बिना किसी विवाद के वापस लौट गई।जानकारी के अनुसार, औरैया जिले के अछल्दा थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले से बारात इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित मैनपुरी रोड पर आईटीआई चौराहे के पास एक होटल में पहुंची थी। दुल्हन का परिवार कानपुर नगर के पनकी क्षेत्र का रहने वाला है। सोमवार रात शादी की सभी रस्में सामान्य रूप से चल रही थीं और दोनों परिवार खुशी-खुशी समारोह में शामिल थे।
बरमाला पहनाने के बाद अचानक दुल्हन हो गई भावुक
रात करीब नौ बजे दूल्हा और दुल्हन जयमाला के लिए मंच पर पहुंचे। दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और समारोह आगे बढ़ने लगा। लेकिन कुछ ही देर बाद दुल्हन अचानक भावुक होकर रोने लगी। जब दूल्हे और उसके परिजनों ने कारण पूछा तो उसने अपने मोबाइल फोन में एक युवक की तस्वीर दिखाते हुए बताया कि वह उसी से प्रेम करती है और उसी के साथ अपना जीवन बिताना चाहती है। उसने यह भी कहा कि परिवार की इच्छा के कारण उसकी शादी तय की गई है, जबकि वह इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं है।
समझौते के बाद बारात बिना किसी विवाद या हंगामे के वापस लौट गई
स्थिति को समझते हुए दूल्हे ने संयम और परिपक्वता का परिचय दिया। उसने दुल्हन की उसके प्रेमी से वीडियो कॉल पर बात कराई, जिससे पूरी स्थिति स्पष्ट हो गई। इस दौरान सूचना मिलने पर फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। शादी में हुए खर्च और लेनदेन को लेकर भी आपसी सहमति बनी। इसके बाद दोनों परिवारों ने शांतिपूर्वक विवाह संबंध समाप्त करने का निर्णय लिया। समझौते के बाद बारात बिना किसी विवाद या हंगामे के वापस लौट गई।
पुलिस द्वारा कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई
घटना की चर्चा देर रात तक इलाके में होती रही। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया। किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है, इसलिए पुलिस द्वारा कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।
यह भी पढ़े : लखनऊ में सुनार को गोली मारकर हुई 1.5 करोड़ की लूट का खुलासा, दो शातिर बदमाश गिरफ्तार
