-पूर्व विधायक पर कसता जा रहा शिकंजा, आय के स्रोत पर भी नजर
भदोही।यूपी में पूर्वांचल की राजनीति में रसूखदार पूर्व विधायक विजय मिश्र पर योगी सरकार की अब तक बड़ी कार्रवाई हुई है। उनकी आर्थिक रीढ़ पर सीधा हमला करते हुए महाराष्ट्र स्थित लगभग 100 करोड़ 25 लाख रुपये मूल्य की लल्ली एग्रो इंडस्ट्रीज (दाल मिल) को कुर्क कर दिया। पुलिस के अनुसार यह संपत्ति अपराध से अर्जित अवैध धनराशि से बनाई गई थी।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने बताया कि उत्तर प्रदेश गैंगस्टर अधिनियम की धारा 14(1) के तहत मंगलवार को महाराष्ट्र के जकेकुर, थाना उमरगा, जिला धाराशिव स्थित लल्ली एग्रो इंडस्ट्रीज (दाल मिल) को कुर्क किया गया। इसकी अनुमानित बाजार कीमत 100.25 करोड़ रुपये है।
पुलिस के मुताबिक, विजय मिश्रा, उनके पुत्र विष्णु मिश्रा, पत्नी रामलली मिश्रा और गिरोह के अन्य सदस्यों ने अपराध से अर्जित अवैध धनराशि से विभिन्न संपत्तियां बनाई थीं। वर्ष 2022 से 2025 के बीच गैंगस्टर अधिनियम के तहत इस गिरोह की करीब 2.41 अरब रुपये (दो अरब 41 करोड़ 29 लाख 10 हजार 480 रुपये 50 पैसे) से अधिक की संपत्तियां पहले ही कुर्क की जा चुकी हैं।
भदोही पुलिस के अनुसार, गैंग लीडर विजय मिश्रा के खिलाफ कुल 87 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें से 7 मामलों में न्यायालय उन्हें दोषी ठहरा चुका है। पुलिस का दावा है कि गिरोह आर्थिक और भौतिक लाभ के लिए संगठित अपराधों में संलिप्त रहा है तथा परिवार के अन्य सदस्यों की भी विभिन्न मामलों में भूमिका सामने आई है।
पुलिस ने यह भी बताया कि वर्ष 2026 में विजय मिश्रा गैंग के खिलाफ दो प्रमुख कार्रवाई हुई हैं। पहली कार्रवाई में न्यायालय ने विजय मिश्रा, उनकी पत्नी और पुत्र को 10-10 वर्ष के कठोर कारावास, जबकि पुत्रवधू को 04 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई थी। साथ ही सभी पर कुल 5.26 लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया।
दूसरी बड़ी कार्रवाई के तहत अब महाराष्ट्र स्थित 100.25 करोड़ रुपये मूल्य की दाल मिल को गैंगस्टर अधिनियम के तहत कुर्क किया गया है।भदोही पुलिस ने कहा कि संगठित अपराध, माफिया और गैंगस्टरों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े : लखनऊ में सुनार को गोली मारकर हुई 1.5 करोड़ की लूट का खुलासा, दो शातिर बदमाश गिरफ्तार
