राम मंदिर दान विवाद पर बोले सीएम, अयोध्या को बदनाम करने की साजिश सफल नहीं होगी

अयोध्या । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर दान विवाद और उससे जुड़ी विशेष जांच दल (SIT) की जांच को लेकर बड़ा बयान देते हुए सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने तक किसी भी प्रकार की बयानबाजी से बचना चाहिए, क्योंकि इससे जांच प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं चिकित्सालय के लोकार्पण तथा वीरांगना झलकारी बाई की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एसआईटी को निष्पक्ष और स्वतंत्र रूप से अपना कार्य करने दिया जाए। जांच पूरी होने के बाद यदि किसी पक्ष को अपनी बात रखनी होगी तो उसके लिए उचित मंच उपलब्ध रहेगा।
एसआईटी की जांच में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि कोई अपराधी है तो वह चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा, “एसआईटी की जांच में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। कोई भी दोषी बच नहीं पाएगा।” उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी के पास इस मामले से संबंधित कोई दस्तावेज या साक्ष्य हैं तो उन्हें सार्वजनिक बयानबाजी करने के बजाय एसआईटी को उपलब्ध कराया जाए, ताकि जांच तथ्यों के आधार पर आगे बढ़ सके।
बिना किसी दल का नाम लिए विपक्ष पर भी निशाना साधा
सीएम योगी ने बिना किसी दल का नाम लिए विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग अयोध्या धाम की छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “जो लोग कभी रामभक्तों का अपमान करते थे और प्रदेश के कुख्यात माफियाओं की कब्रों पर जाकर फातिहा पढ़ते थे, वे आज रामभक्ति का पाठ पढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।”मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और इसे बदनाम करने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।
जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी
उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद राम मंदिर दान विवाद को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां और तेज होने की संभावना है। वहीं, राज्य सरकार ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि एसआईटी की रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
यह भी पढ़े : फायरिंग मामले में खान सर को पटना कोर्ट से राहत, गिरफ्तारी पर लगी रोक
यह भी पढ़े : दिल्ली में मौत का तांडव, रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, 21 जिंदगियां राख
यह भी पढ़े : यूपी में स्मार्ट मीटर पर बड़ा फैसला, उपभोक्ता खुद तय करेंगे प्रीपेड या पोस्टपेड मीटर
यह भी पढ़े : आर प्रज्ञानंद ने रचा इतिहास, नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट जीतने वाले पहले भारतीय बने
यह भी पढ़े : पूर्व जज मार्कंडेय काटजू ने बनाई ‘इश्क करो पार्टी’, सोशल मीडिया पर छिड़ी चर्चा




