मोहर्रम-2026: लखनऊ पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, 5 जोन और 18 सेक्टर में बंटा शहर

लखनऊ। मोहर्रम-2026 के दौरान शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लखनऊ पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की तैयारी की है। ताजिया जुलूसों, मजलिसों और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की है।
पुलिस आयुक्त के निर्देशन में पश्चिमी जोन सहित पूरे कमिश्नरेट क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। चौक, ठाकुरगंज, सआदतगंज, बाजारखाला, वजीरगंज और अमीनाबाद जैसे प्रमुख क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। जुलूस मार्गों, इमामबाड़ों और कर्बला स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
5 जोन और 18 सेक्टर में बांटा गया क्षेत्र
मोहर्रम के मद्देनजर पश्चिमी जोन को 5 जोन और 18 सेक्टर में विभाजित किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।सुरक्षा ड्यूटी में 4 पुलिस उपायुक्त (डीसीपी), 19 अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी), 52 सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी), 91 निरीक्षक, 1104 उपनिरीक्षक तथा 2477 मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 14 कंपनी और 2 प्लाटून पीएसी भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाई गई हैं।
ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी
पुलिस ने मोहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को तकनीकी रूप से भी मजबूत किया है। संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन कैमरों और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के माध्यम से 24 घंटे निगरानी की जाएगी। किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
महिला सुरक्षा पर विशेष फोकस
भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महिला पुलिसकर्मियों, एंटी रोमियो स्क्वॉड, पिंक पेट्रोल और यूपी-112 की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। ये टीमें लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगी।
जुलूस मार्गों का सत्यापन, बैरिकेडिंग की व्यवस्था
ताजिया, अलम और मातमी जुलूसों के पारंपरिक मार्गों का सत्यापन किया गया है। प्रमुख जुलूस मार्गों पर पुलिस पिकेट, मोबाइल गश्त और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही आयोजन समितियों और धर्मगुरुओं के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जा रहा है।
पुलिस की जनता से अपील
लखनऊ पुलिस ने नागरिकों, धर्मगुरुओं और आयोजन समितियों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्ग और समय का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें, सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मोहर्रम के सभी कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
यह भी पढ़े : फायरिंग मामले में खान सर को पटना कोर्ट से राहत, गिरफ्तारी पर लगी रोक
यह भी पढ़े : दिल्ली में मौत का तांडव, रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, 21 जिंदगियां राख
यह भी पढ़े : यूपी में स्मार्ट मीटर पर बड़ा फैसला, उपभोक्ता खुद तय करेंगे प्रीपेड या पोस्टपेड मीटर
यह भी पढ़े : आर प्रज्ञानंद ने रचा इतिहास, नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट जीतने वाले पहले भारतीय बने
यह भी पढ़े : पूर्व जज मार्कंडेय काटजू ने बनाई ‘इश्क करो पार्टी’, सोशल मीडिया पर छिड़ी चर्चा




