फर्जी IPS बनकर पुलिस को धमकाने वाला युवक गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के महानगर थाना क्षेत्र में खुद को आईपीएस अधिकारी बताकर लोगों और पुलिसकर्मियों पर रौब झाड़ने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चाय की दुकान पर विवाद के दौरान खुद को “आईपीएस नोएडा” बताकर पुलिसकर्मियों को धमका रहा था। उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 13 जून 2026 की रात गोल मार्केट चौराहे पर स्थित एक चाय की दुकान पर चाय और बकाया पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद की सूचना मिली थी। सूचना पर महानगर थाने के रात्रि अधिकारी उपनिरीक्षक आर्यन शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
आईपीएस बताते हुए पुलिसकर्मियों पर ही रौब जमाना शुरू कर दिया
मौके पर एक व्यक्ति चाय विक्रेता वीरू गुप्ता से बहस करता मिला। जब पुलिस ने उससे नाम और पता पूछा तो उसने खुद को “आईपीएस नोएडा” बताते हुए पुलिसकर्मियों पर ही रौब जमाना शुरू कर दिया। आरोपी ने पुलिसकर्मियों से कहा कि उन्होंने उसे सैल्यूट क्यों नहीं किया और उनकी कैप कहां है।पुलिस को उसकी बातों पर संदेह हुआ तो उससे पहचान पत्र दिखाने को कहा गया। इस पर उसने कहा कि उसके पास फिलहाल आईडी कार्ड नहीं है और वह बाद में दिखाएगा। इसके बाद वह वहां से चला गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया।
मौके पर पहुंची पुलिस उसे पूछताछ के लिए थाने ले आई
पुलिस ने जांच शुरू की और 15 जून को फिर सूचना मिली कि वही व्यक्ति एक बार फिर गोल मार्केट चौराहे पर चाय की दुकान पर विवाद कर रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस उसे पूछताछ के लिए थाने ले आई।
थाने में सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी की सच्चाई सामने आ गई। उसने अपना नाम मिथिलेश शुक्ला बताया और कहा कि वह नोएडा सेक्टर-18 स्थित Samsung में अकाउंट एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत है। जांच में यह भी स्पष्ट हो गया कि वह किसी भी प्रकार का आईपीएस अधिकारी नहीं है।
ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने फर्जी आईपीएस अधिकारी बनकर पुलिसकर्मियों को धमकाया और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। इस मामले में थाना महानगर में मुकदमा संख्या 103/2026 धारा 132, 204 और 221 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान मिथिलेश शुक्ला (38 वर्ष) निवासी भरतनगर, सीतापुर रोड, थाना मड़ियांव, लखनऊ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी सरकारी अधिकारी का फर्जी रूप धारण कर लोगों को गुमराह करना और सरकारी कार्य में बाधा डालना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े : पूर्व जज मार्कंडेय काटजू ने बनाई ‘इश्क करो पार्टी’, सोशल मीडिया पर छिड़ी चर्चा
यह भी पढ़े : फायरिंग मामले में खान सर को पटना कोर्ट से राहत, गिरफ्तारी पर लगी रोक
यह भी पढ़े : दिल्ली में मौत का तांडव, रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, 21 जिंदगियां राख
यह भी पढ़े : यूपी में स्मार्ट मीटर पर बड़ा फैसला, उपभोक्ता खुद तय करेंगे प्रीपेड या पोस्टपेड मीटर
यह भी पढ़े : आर प्रज्ञानंद ने रचा इतिहास, नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट जीतने वाले पहले भारतीय बने




