राम मंदिर के दानपात्र से लाखों की चोरी, कर्मी के घर और कूड़े के ढेर से 12 लाख रुपये बरामद

अयोध्या। राम जन्मभूमि मंदिर के दानपात्र से चढ़ावे की रकम चोरी करने का एक बड़ा मामला सामने आया है। मंदिर ट्रस्ट और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से रुदौली क्षेत्र के मीनापुर ठकुरन फगौली गांव में छापेमारी कर करीब 10 से 12 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। यह कार्रवाई राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और पुलिस के आला अधिकारियों की मौजूदगी में की गई।
कूड़े के ढेर (घूर) में छिपाकर रखी थी नकदी
चोरी का आरोप मंदिर के ही एक कर्मचारी लवकुश मिश्रा (27 वर्ष) पर लगा है। पुलिस और ट्रस्ट की टीम ने जब आरोपी के गांव में छापेमारी की, तो घर का ताला तोड़कर तलाशी ली गई। गांव में चर्चा है कि आरोपी ने चोरी के पैसों को घर के बजाय गांव के एक ‘घूर’ (कूड़े के ढेर) में बोरी में भरकर छिपा रखा था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
कार मिस्त्री से मंदिर कर्मी बना था आरोपी
ग्रामीणों के अनुसार, लवकुश पहले एक साधारण कार मिस्त्री था। करीब एक साल पहले शादी के बाद उसे मंदिर ट्रस्ट में नौकरी मिली थी और वह पिछले 5-6 महीनों से वहां काम कर रहा था। नौकरी मिलने के बाद उसकी आर्थिक स्थिति तेजी से बदली थी। वह गांव आकर काफी पैसे खर्च करता था। उसके दादा भी अक्सर गांव वालों से कहते थे कि उनका नाती मंदिर में बहुत पैसा कमा रहा है और वह किसी को भी आसानी से दर्शन करवा सकता है।
पिता ने बेटे से तोड़ा नाता, दी सफाई
इस घटना के बाद आरोपी के पिता बच्चूलाल ने सामने आकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वे गाजियाबाद में रहते थे और उन्हें इस पैसे के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। फैजाबाद में बन रहे उनके नए मकान को लेकर उन्होंने सफाई दी कि इस मकान का उनके बेटे से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने इसके लिए अपनी 10-12 बीघा जमीन गिरवी रखी है। पिता ने स्पष्ट किया कि आरोपी बेटा जो पैसा लाया था, उसे अधिकारी ले गए हैं और अब उनका अपने बेटे से कोई मतलब नहीं है।फिलहाल पुलिस ने बरामद रकम को जब्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़े : पूर्व जज मार्कंडेय काटजू ने बनाई ‘इश्क करो पार्टी’, सोशल मीडिया पर छिड़ी चर्चा
यह भी पढ़े : फायरिंग मामले में खान सर को पटना कोर्ट से राहत, गिरफ्तारी पर लगी रोक
यह भी पढ़े : दिल्ली में मौत का तांडव, रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, 21 जिंदगियां राख
यह भी पढ़े : यूपी में स्मार्ट मीटर पर बड़ा फैसला, उपभोक्ता खुद तय करेंगे प्रीपेड या पोस्टपेड मीटर
यह भी पढ़े : आर प्रज्ञानंद ने रचा इतिहास, नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट जीतने वाले पहले भारतीय बने




