छोटे भाई ने बड़े भाई को उतारा मौत के घाट, पिता को पीटा, फिर घर में लगा दी आग

गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में रिश्तों के कत्ल की एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। वजीरगंज थाना क्षेत्र के जटमलपुर गांव में एक युवक ने कथित तौर पर अपने ही बड़े भाई की हत्या कर दी, पिता को बेरहमी से पीटकर घायल कर दिया और इसके बाद घर में आग लगा दी। आग की चपेट में आकर एक भैंस भी जिंदा जल गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
घर से धुआं उठता देखा तो लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे
शनिवार शाम ग्रामीणों ने जब भुल्लन के घर से धुआं उठता देखा तो लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। घर के बाहर का नजारा देखकर हर कोई सन्न रह गया। पिता भुल्लन घायल अवस्था में खेत में पड़े कराह रहे थे, जबकि घर के बाहर एक भैंस मृत पड़ी थी।
कुछ दूरी पर 17 वर्षीय अंकित बेसुध हालत में मिला।ग्रामीण आनन-फानन में अंकित को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल पिता ने आरोप लगाया कि उनके बेटे अक्कू उर्फ हुलसी ने पहले उनकी पिटाई की, फिर घर में तोड़फोड़ कर आग लगा दी और बड़े भाई अंकित पर हमला कर दिया। इस हमले में अंकित की मौत हो गई।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मां मीरा और बहन कोमल का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों के मुताबिक आरोपी युवक का व्यवहार पिछले कुछ समय से असामान्य था और वह अक्सर उग्र हो जाता था।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा
वजीरगंज थाना प्रभारी विपुल कुमार पाण्डेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।एक ही परिवार में हुई इस खौफनाक वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। लोग यह सोचकर हैरान हैं कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि एक भाई अपने ही भाई की जान का दुश्मन बन बैठा।
यह भी पढ़े : आर प्रज्ञानंद ने रचा इतिहास, नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट जीतने वाले पहले भारतीय बने
यह भी पढ़े : दिल्ली में मौत का तांडव, रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, 21 जिंदगियां राख
यह भी पढ़े : यूपी में स्मार्ट मीटर पर बड़ा फैसला, उपभोक्ता खुद तय करेंगे प्रीपेड या पोस्टपेड मीटर




