घरेलू LPG सिलिंडर फिर हुआ महंगा, 29 रुपये बढ़े दाम, आज से नई दरें लागू

नई दिल्ली। महंगाई से जूझ रहे आम उपभोक्ताओं को एक और झटका लगा है। घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलिंडर की कीमतों में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें 7 जून से लागू हो गई हैं। कीमतों में बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है। यह पिछले तीन महीनों में दूसरी बार है जब घरेलू गैस सिलिंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 7 मार्च को प्रति सिलिंडर 60 रुपये की वृद्धि की गई थी। लगातार बढ़ रही कीमतों का सीधा असर आम परिवारों के घरेलू बजट पर पड़ने की संभावना है।
पश्चिम एशिया के तनाव का असर
सूत्रों के अनुसार पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहे प्रभाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसका असर भारतीय तेल विपणन कंपनियों की लागत पर भी पड़ रहा है।बताया जा रहा है कि मार्च में 60 रुपये की बढ़ोतरी के बावजूद तेल कंपनियों को घरेलू एलपीजी की बिक्री पर नुकसान उठाना पड़ रहा था। ताजा संशोधन से पहले सरकारी तेल कंपनियों को प्रत्येक घरेलू एलपीजी सिलिंडर पर लगभग 703 रुपये का नुकसान हो रहा था। इसी वजह से कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला लिया गया।
प्रमुख शहरों में घरेलू LPG सिलिंडर के नए दाम
शहर नई कीमत
दिल्ली ₹942.00
मुंबई ₹941.50
कोलकाता ₹968.00
चेन्नई ₹957.50
पटना ₹1,031.50
जयपुर ₹945.50
पटना में घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमत सबसे अधिक 1,031.50 रुपये हो गई है, जबकि दिल्ली और मुंबई में यह 942 रुपये के आसपास है।
पेट्रोल, डीजल और CNG भी महंगे
ऊर्जा क्षेत्र में बढ़ती लागत का असर केवल एलपीजी तक सीमित नहीं है। मई महीने में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कुल मिलाकर 7.50 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं सीएनजी भी लगभग 6 रुपये प्रति किलोग्राम महंगी हो चुकी है।अनुमान है कि तेल विपणन कंपनियों को अब भी पेट्रोल पर करीब 11 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 33.6 रुपये प्रति लीटर तक का नुकसान उठाना पड़ रहा है। ऐसे में भविष्य में ईंधन कीमतों पर दबाव बना रह सकता है।
कमर्शियल सिलिंडर के दाम भी बढ़े
इससे पहले 1 जून को कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई थी। नई दरों के अनुसार दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलिंडर की कीमत 42 रुपये बढ़ाई गई, जबकि कोलकाता में इसमें 53.50 रुपये की वृद्धि हुई।इसके अलावा 5 किलोग्राम वाले फ्री ट्रेड एलपीजी (एफटीएल) सिलिंडर की कीमत भी 11 रुपये बढ़ाई गई है। दिल्ली में अब यह सिलिंडर 821.50 रुपये में उपलब्ध होगा।
घरेलू बजट पर बढ़ेगा बोझ
घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि से मध्यम वर्ग और निम्न आय वर्ग के परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ने की आशंका है। रसोई गैस पहले से ही घरेलू खर्च का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और दाम बढ़ने से परिवारों का मासिक बजट प्रभावित हो सकता है।विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में नरमी नहीं आती, तो आने वाले समय में ऊर्जा उत्पादों की कीमतों पर दबाव बना रह सकता है।
यह भी पढ़े : आर प्रज्ञानंद ने रचा इतिहास, नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट जीतने वाले पहले भारतीय बने
यह भी पढ़े : दिल्ली में मौत का तांडव, रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, 21 जिंदगियां राख
यह भी पढ़े : यूपी में स्मार्ट मीटर पर बड़ा फैसला, उपभोक्ता खुद तय करेंगे प्रीपेड या पोस्टपेड मीटर




