एसएमयूपीन्यूज । पंजाब के मोहाली से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक निजी कंपनी का ऑफिस देखते ही देखते खून से सन गया। फेज-11 स्थित एक लॉजिस्टिक कंपनी में काम करने वाली 30 वर्षीय युवती की उसके ही सहकर्मी ने बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने ऑफिस के भीतर घुसकर युवती पर चाकू से लगातार वार किए और कुछ ही सेकेंड में उसे मौत के घाट उतार दिया।
शाम के समय युवती अपने केबिन में काम कर रही थी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शाम के समय युवती अपने केबिन में काम कर रही थी। तभी उसका सहकर्मी हरजिंदर सिंह मान उर्फ हैरी अचानक वहां पहुंचा और बिना किसी चेतावनी के उस पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए युवती ऑफिस में इधर-उधर दौड़ती रही, लेकिन आरोपी उसका पीछा करता रहा। ऑफिस में मौजूद कर्मचारी मदद के लिए आगे बढ़े, मगर हमलावर के हाथ में चाकू देखकर कोई भी उसके करीब जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका।घटना इतनी तेजी से हुई कि कर्मचारियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। देखते ही देखते पूरा ऑफिस चीख-पुकार से गूंज उठा।
आरोपी ने खुद को भी चाकू मारकर आत्महत्या करने की कोशिश की
गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को भी चाकू मारकर आत्महत्या करने की कोशिश की। फिलहाल वह अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। अस्पताल में पुलिस का कड़ा पहरा लगाया गया है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और युवती एक ही कंपनी में कई वर्षों से काम कर रहे थे। पुलिस को शक है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद था और इसी वजह से आरोपी ने यह खौफनाक कदम उठाया। हालांकि जांच एजेंसियां मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।
ऑफिस कर्मचारियों और मृतका के परिजनों में भारी आक्रोश
घटना के बाद ऑफिस कर्मचारियों और मृतका के परिजनों में भारी आक्रोश है। परिवार का कहना है कि उन्हें कभी इस तरह की किसी समस्या की जानकारी नहीं थी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी के स्वस्थ होते ही उससे पूछताछ की जाएगी।इस सनसनीखेज हत्याकांड ने मोहाली ही नहीं, पूरे पंजाब को झकझोर कर रख दिया है। दिनदहाड़े ऑफिस के भीतर हुई इस वारदात ने कार्यस्थलों की सुरक्षा व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़े : आर प्रज्ञानंद ने रचा इतिहास, नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट जीतने वाले पहले भारतीय बने
यह भी पढ़े : दिल्ली में मौत का तांडव, रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, 21 जिंदगियां राख
यह भी पढ़े : यूपी में स्मार्ट मीटर पर बड़ा फैसला, उपभोक्ता खुद तय करेंगे प्रीपेड या पोस्टपेड मीटर

