प्रयागराज । प्रयागराज मंडल में ‘क्लाइमेट चेंज’ थीम पर 15 मई, 2026 से 05 जून, 2026 तक संचालित “विश्व पर्यावरण दिवस” अभियान के अंतर्गत आज 03 जून, 2026 को महिला कल्याण समिति/प्रयागराज मंडल द्वारा रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में महिला कल्याण समिति/प्रयागराज मंडल की अध्यक्षा वंदना अग्रवाल ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
जलवायु परिवर्तन वर्तमान समय की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन वर्तमान समय की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है तथा इसके प्रभावों को कम करने के लिए वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देना आवश्यक है। उन्होंने सभी से अधिकाधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान रेलवे कॉलोनी परिसर में विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं पर्यावरण-अनुकूल पौधे लगाए गए। साथ ही उपस्थित लोगों को पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में सुदृढ़ वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकें।
सभी सदस्याओं ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया
इस अवसर पर महिला कल्याण समिति की उपाध्यक्षा गुलशन वारिस, प्रज्ञा दीपक कुमार, वंदना सिंह, सचिव निहारिका सिंह, कोषाध्यक्षा अनुश्री सहित समिति की अन्य सदस्याएँ उपस्थित रहीं। सभी सदस्याओं ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा हरित वातावरण को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।
यह भी पढ़े : यूपी में स्मार्ट मीटर पर बड़ा फैसला, उपभोक्ता खुद तय करेंगे प्रीपेड या पोस्टपेड मीटर
