मथुरा। धर्म और अध्यात्म की आड़ में चल रहे एक कथित काले खेल का मथुरा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गोवर्धन क्षेत्र में साधु का चोला ओढ़कर रह रहे एक मैकेनिकल इंजीनियर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि यह शख्स ऑनलाइन भजन-कीर्तन मंडली संचालित कर पढ़ी-लिखी युवतियों और महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था, उनका ब्रेनवाश करता था और फिर कथित रूप से उनका शोषण करता था।
पिछले तीन वर्षों से गोवर्धन क्षेत्र में रह रहा था
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 30 वर्षीय अभिषेक मिश्रा उर्फ “आदि कर्ता” के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ओडिशा के भुवनेश्वर का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के बाद साधु का वेश धारण कर लिया था और पिछले तीन वर्षों से गोवर्धन क्षेत्र में रह रहा था।
ऑनलाइन भजन मंडली से शुरू होता था जाल
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से भजन-कीर्तन और आध्यात्मिक प्रवचन आयोजित करता था। इसी दौरान वह बीटेक, एमटेक और उच्च शिक्षित युवतियों तथा महिलाओं से संपर्क बनाता था। उन्हें बेहतर भविष्य, उच्च वेतन वाली नौकरी और आध्यात्मिक उन्नति के सपने दिखाकर अपने प्रभाव में लेता था।आरोप है कि धीरे-धीरे उनका मानसिक रूप से इस तरह प्रभावित किया जाता था कि वे परिवार और समाज से दूरी बनाने लगती थीं। इसके बाद उन्हें गोवर्धन स्थित आश्रम में बुलाया जाता था, जहां कथित रूप से उनका शोषण किया जाता था।
‘गंधर्व विवाह’ के नाम पर बनाता था संबंध
पुलिस के अनुसार आरोपी महिलाओं को तथाकथित “गंधर्व विवाह” का हवाला देकर अपने साथ संबंध बनाने के लिए तैयार करता था। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन से कई आपत्तिजनक तस्वीरें और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि दर्जनों युवतियां उसके संपर्क में रही हैं और मामले में कई और चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।
पीड़िता की शिकायत से खुला राज
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब ओडिशा की एक युवती ने साहस दिखाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही गोवर्धन पुलिस हरकत में आई और जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के प्रभाव में रह रहे दो युवतियों और एक युवक को भी सुरक्षित बाहर निकालकर उनके परिजनों के सुपुर्द किया। पुलिस अब आरोपी के मोबाइल, सोशल मीडिया अकाउंट और ऑनलाइन नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।
और भी पीड़ित सामने आने की संभावना
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी प्रारंभिक चरण में है। आरोपी के संपर्क में आई अन्य महिलाओं और युवतियों की पहचान की जा रही है। आशंका है कि यह नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हो सकता है।धर्म, भक्ति और आध्यात्मिकता के नाम पर कथित रूप से चल रहे इस खेल के खुलासे ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। पुलिस का कहना है कि यदि जांच में और तथ्य सामने आते हैं तो आरोपी के खिलाफ अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई जा सकती हैं।
यह भी पढ़े : यूपी में स्मार्ट मीटर पर बड़ा फैसला, उपभोक्ता खुद तय करेंगे प्रीपेड या पोस्टपेड मीटर

