खान सर की कोचिंग पर ताबड़तोड़ फायरिंग, 6 राउंड गोलियां, गार्ड घायल, पोस्टर फाड़कर फरार हुए हमलावर

पटना। बिहार की राजधानी पटना में देर रात हुई गोलीबारी की घटना ने पूरे शहर को दहला दिया। मशहूर शिक्षक खान सर की कोचिंग के बाहर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। हमलावरों ने न सिर्फ कई राउंड गोलियां चलाईं, बल्कि कोचिंग के बाहर लगे बड़े-बड़े पोस्टर और बैनर भी फाड़ डाले।
देखते ही देखते बहस हाथापाई में बदल गई
इस सनसनीखेज हमले में एक सुरक्षा गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना 2 जून 2026 की रात करीब 10:15 से 10:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कोचिंग के बाहर स्थित एक नाश्ते की दुकान पर कुछ युवकों और सुरक्षा गार्ड के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते बहस हाथापाई में बदल गई और फिर अचानक गोलियां चलने लगीं।
5 से 6 राउंड फायरिंग से दहला इलाका
स्थानीय लोगों के अनुसार, बदमाशों ने 5 से 6 राउंड फायरिंग की। गोलियों की आवाज सुनते ही मुसल्लाहपुर हाट और कदमकुआं इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और कुछ ही मिनटों में पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने कोचिंग के बाहर लगे खान सर के पोस्टर और बैनर भी फाड़ दिए, जिससे घटना के पीछे सुनियोजित रंजिश की आशंका और गहरा गई है।
कोचिंग इंडस्ट्री की रंजिश का एंगल
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में इस हमले के पीछे कोचिंग संस्थानों के बीच प्रतिस्पर्धा और आपसी रंजिश का एंगल सामने आ रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान में जुटी हुई है।यह पहला मौका नहीं है जब खान सर का कोचिंग सेंटर निशाने पर आया हो। इससे पहले वर्ष 2019 में भी इसी कोचिंग संस्थान पर क्रूड बम से हमला किया गया था, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
खान सर बोले-गरीब बच्चों की सफलता कुछ लोगों को नहीं पच रही
घटना के बाद खान सर ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनकी सबसे बड़ी “गलती” यह है कि वे बेहद कम फीस में हजारों गरीब छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराते हैं।उन्होंने कहा, “सबसे बड़ी समस्या यही है कि हम इतनी कम फीस में बच्चों को क्यों पढ़ा रहे हैं और हमारी कोचिंग से इतने सारे छात्र परीक्षाओं में पास क्यों हो रहे हैं। जब हजारों गरीब बच्चे कामयाब होने लगते हैं, तो कुछ असामाजिक तत्वों को डर लगने लगता है। उन्हें लगता है कि वे हमें डरा-धमका कर चुप करा देंगे, लेकिन हम रुकने वाले नहीं हैं।”
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही कदमकुआं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।इस हमले ने न सिर्फ पटना की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि हजारों छात्रों और उनके अभिभावकों में भी चिंता बढ़ा दी है। अब सभी की नजर पुलिस जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी है।
यह भी पढ़े : यूपी में स्मार्ट मीटर पर बड़ा फैसला, उपभोक्ता खुद तय करेंगे प्रीपेड या पोस्टपेड मीटर




