आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात एक ऐसा भयावह सड़क हादसा हुआ, जिसने देखने वालों की रूह कंपा दी। तेज रफ्तार कार आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से इतनी जोरदार तरीके से टकराई कि वह कंटेनर के पिछले हिस्से में समा गई। टक्कर के बाद कंटेनर चालक करीब 50 मीटर तक कार को घसीटता रहा। हादसे में महिला समेत तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्चे सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
कार में कुल आठ लोग सवार थे
यह हादसा थाना फतेहाबाद क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 36.700 पर रात करीब दो बजे हुआ। बताया जा रहा है कि राजस्थान के चूरू निवासी सोहेब अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ बिहार से राजस्थान लौट रहे थे। कार में कुल आठ लोग सवार थे। सफर के दौरान अचानक तेज रफ्तार कार आगे चल रहे कंटेनर से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण कि कार के उड़ गए परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे की आवाज दूर तक सुनाई दी। टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा पूरी तरह कंटेनर के नीचे घुस गया और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में बैठे लोग लोहे के ढांचे में फंसकर चीखते रहे। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हाइड्रा मशीन से काटकर निकाले गए घायल
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक फतेहाबाद विनोद कुमार मिश्र, यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी राधा मोहन द्विवेदी और उनकी टीम मौके पर पहुंची। कार इतनी बुरी तरह फंस चुकी थी कि घायलों को बाहर निकालना चुनौती बन गया। राहत एवं बचाव कार्य के लिए हाइड्रा मशीन बुलानी पड़ी। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कार को काटकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।लेकिन तब तक एक महिला सहित तीन लोगों की सांसें थम चुकी थीं। वहीं परमिला, पूजा कुमारी, राजू, कार चालक सोहेब और छह वर्षीय अयांश गंभीर रूप से घायल मिले। सभी घायलों को तत्काल सीएचसी फतेहाबाद पहुंचाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद कंटेनर चालक फरार
दुर्घटना के बाद कंटेनर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का मानना है कि हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
एक ही परिवार और रिश्तेदारी से जुड़े लोगों के साथ हुए इस हादसे ने खुशियों भरे सफर को मातम में बदल दिया। कुछ ही पलों में तीन जिंदगियां खत्म हो गईं, जबकि पांच लोग अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस का बयान
प्रभारी निरीक्षक फतेहाबाद विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि हादसे में महिला समेत तीन लोगों की मौत हुई है और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि घायलों का उपचार चल रहा है। फरार कंटेनर चालक की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है।
यह भी पढ़े : यूपी में स्मार्ट मीटर पर बड़ा फैसला, उपभोक्ता खुद तय करेंगे प्रीपेड या पोस्टपेड मीटर