smupnews

यूपी पुलिस को जल्द मिलेंगे 29 नए प्रमोटेड आईपीएस, यूपीएससी को भेजा गया प्रस्ताव

लखनऊ । यूपी पुलिस के 29 पीपीएस अधिकारियों को जल्द आईपीएस कैडर में पदोन्नत किया जाएगा। इसके लिए डीजीपी मुख्यालय और शासन की ओर से संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) को प्रस्ताव भेज दिया गया है। यदि आयोग की ओर से किसी प्रकार की आपत्ति नहीं आती है, तो अगले महीने प्रदेश को 29 नए प्रमोटेड आईपीएस अधिकारी मिल सकते हैं।

2026 की 29 रिक्तियों के सापेक्ष पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू

जानकारी के मुताबिक वर्ष 2026 की 29 रिक्तियों के सापेक्ष पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू की गई है। नियमों के तहत रिक्त पदों से तीन गुना अधिक अधिकारियों के नाम आयोग को भेजे गए हैं। इसी वजह से वर्ष 1998, 1999 और 2000 बैच के साथ वर्ष 2001 बैच के कुछ अधिकारियों के नाम भी प्रस्ताव में शामिल किए गए हैं।अब आयोग इन अधिकारियों की सेवा अभिलेख, गोपनीय प्रविष्टियां और उनके खिलाफ चल रही जांचों की समीक्षा करेगा। इसके बाद विभागीय प्रोन्नति समिति (DPC) की बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में आयोग के प्रतिनिधियों के साथ मुख्य सचिव, डीजीपी और अपर मुख्य सचिव गृह भी शामिल होंगे। सहमति बनने के बाद गृह मंत्रालय द्वारा अंतिम नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा।

पदोन्नति की दौड़ में इनका नाम मुख्य रूप से शामिल

पदोन्नति की दौड़ में शामिल प्रमुख अधिकारियों में शोएब इकबाल, सत्यपाल सिंह, राहुल मिठास, आलोक कुमार शर्मा, दीपिका अग्निहोत्री, जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, कुलदीप सिंह, हरेंद्र प्रताप यादव, रफीक अहमद, मधुवन कुमार सिंह, कपिल देव सिंह, राहुल श्रीवास्तव, प्रीति बाला गुप्ता, विकास चंद्र त्रिपाठी, पूर्णेंदु सिंह, अभय नाथ त्रिपाठी, पवित्र मोहन त्रिपाठी, डॉ. अरविंद कुमार, सिद्धार्थ वर्मा, शुभ्रा भास्कर और प्रवीण सिंह चौहान समेत कई वरिष्ठ पीपीएस अधिकारी शामिल हैं।पुलिस विभाग में लंबे समय से इन पदोन्नतियों का इंतजार किया जा रहा था। माना जा रहा है कि नए प्रमोटेड आईपीएस अधिकारियों की तैनाती से प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *