लखनऊ। बसपा सुप्रीमों ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने का संदेश दिया है। राजधानी लखनऊ स्थित 12 मॉल एवेन्यू में आयोजित राज्य स्तरीय बैठक में उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और वोटों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में आकाश आनंद, आनंद कुमार भी हुए शामिल
बैठक में आकाश आनंद, आनंद कुमार समेत प्रदेशभर के जिलाध्यक्ष, कोऑर्डिनेटर और वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। मायावती ने कहा कि बदलते राजनीतिक हालात और चुनावी चुनौतियों को देखते हुए पार्टी संगठन को पहले से अधिक सक्रिय और सतर्क रहने की जरूरत है।बसपा प्रमुख ने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि 2007 की तरह मजबूती के साथ चुनाव लड़ना है और विरोधियों की रणनीतियों का डटकर मुकाबला करना होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रत्याशियों के चयन में विशेष सावधानी बरतेगी और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत किया जाएगा।
महंगाई, बेरोजगारी और नए नियम-कानूनों के बोझ से आम जनता परेशान
मायावती ने बिना किसी दल का नाम लिए विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के दौरान बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद जनता को नजरअंदाज कर दिया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई, बेरोजगारी और नए नियम-कानूनों के बोझ से आम जनता परेशान है और सम्मान के साथ जीवन जीना कठिन हो गया है।उन्होंने दावा किया कि बसपा शासनकाल में कानून व्यवस्था बेहतर थी और सर्वसमाज को सम्मान मिला था। मायावती ने कहा कि ब्राह्मण समाज सहित सभी वर्गों को बसपा सरकार में भागीदारी और सुरक्षा मिली थी।बैठक में बूथ स्तर तक नेटवर्क मजबूत करने, जनाधार बढ़ाने और आगामी चुनावों के लिए रणनीति तैयार करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।


