नई दिल्ली। देश का बड़ा हिस्सा इस समय भीषण गर्मी और जानलेवा लू की चपेट में है। सूरज की तेज तपिश और झुलसाने वाली गर्म हवाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। India Meteorological Department ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि उत्तर और मध्य भारत में मई के अंत तक लू का प्रकोप जारी रह सकता है।
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में पारा 44.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया
उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर और राजस्थान समेत कई राज्यों में अधिकतम तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र के ब्रह्मपुरी में सबसे अधिक 47.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो देश में सबसे ज्यादा रहा। वहीं राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में पारा 44.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सुबह से ही तेज धूप और दोपहर की गर्म हवाओं ने लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया है।
अब लोगों की सेहत पर भी साफ दिखाई देने लगा
भीषण गर्मी का असर अब लोगों की सेहत पर भी साफ दिखाई देने लगा है। अस्पतालों में डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। तेलंगाना के सात जिलों में लू लगने से 16 लोगों की मौत हो चुकी है। हालात की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
बुजुर्गो और बच्चों को दोपहर में बाहर न निकलने की सलाह
तेलंगाना के राजस्व और सूचना मंत्री Ponguleti Srinivasa Reddy ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आपात बैठक कर राहत एवं बचाव उपायों की समीक्षा की। प्रशासन ने बुजुर्गों, बच्चों और गर्भवती महिलाओं को दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।उधर, पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री Balbir Singh ने सभी सरकारी अस्पतालों को हीट स्ट्रोक से निपटने के लिए आइस पैक और विशेष कूलिंग यूनिट सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं।
दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा
इस भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर भी दी है। दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और उसके अंडमान सागर, अरब सागर तथा बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों तक पहुंचने की पुष्टि हुई है। मौसम विभाग के अनुसार इस बार मानसून सामान्य समय से पहले 26 मई तक केरल पहुंच सकता है। इसके साथ ही केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत में अगले चार से पांच दिनों के दौरान भारी बारिश की संभावना जताई गई है।


