नई दिल्ली। देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। बीते 10 दिनों में यह तीसरी बार है जब तेल कंपनियों ने ईंधन के दाम बढ़ाए हैं। लगातार बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है और परिवहन से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों तक महंगाई बढ़ने की आशंका तेज हो गई है।सरकारी तेल कंपनियों द्वारा जारी नई दरों के मुताबिक राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 87 पैसे प्रति लीटर महंगा होकर 99.51 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं डीजल की कीमत में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है, जिसके बाद इसकी नई कीमत 92.49 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
कोलकाता में पेट्रोल 110.64 रुपये प्रति लीटर
अन्य महानगरों की बात करें तो कोलकाता में पेट्रोल 110.64 रुपये प्रति लीटर, मुंबई में 108.49 रुपये प्रति लीटर और चेन्नई में 103.31 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। डीजल की कीमतों में भी सभी प्रमुख शहरों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।जानकारों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उछाल की वजह से घरेलू बाजार में ईंधन महंगा हो रहा है। शुक्रवार को ब्रेंट क्रूड करीब 103.5 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखाई दिया, जबकि डब्ल्यूटीआई क्रूड भी बढ़त के साथ 96 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बना हुआ है। इंडियन बास्केट क्रूड की कीमतों में भी तेजी देखी गई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ रही
विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और सप्लाई को लेकर बनी अनिश्चितता के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ रही हैं। भारत अपनी जरूरत का अधिकांश कच्चा तेल आयात करता है, इसलिए वैश्विक बाजार में होने वाले उतार-चढ़ाव का सीधा असर घरेलू ईंधन कीमतों पर पड़ता है। गौरतलब है कि 15 मई को करीब चार साल बाद पेट्रोल-डीजल के दामों में बड़ी बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद 19 मई और अब 23 मई को फिर कीमतें बढ़ा दी गईं। लगातार हो रही बढ़ोतरी से परिवहन लागत बढ़ने और खाद्य वस्तुओं समेत अन्य जरूरी सामान महंगे होने की संभावना जताई जा रही है।