लखनऊ । देवरिया में आयोजित विशाल जनसभा में मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने महिलाओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर अपराधियों को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने मंच से चेतावनी देते हुए कहा, “बहन-बेटियों के साथ इज्जत से पेश आओ, वरना अगले चौराहे पर यमराज इंतजार करते मिलेंगे।” मुख्यमंत्री के इस बयान पर सभा स्थल तालियों और नारों से गूंज उठा।
कानून का राज स्थापित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री भीमपुर पोखरभिंडा में 655 करोड़ रुपये की 19 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराधियों व माफियाओं के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई की जा रही है।योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले प्रदेश में महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस करती थीं, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। सरकार ने महिला सुरक्षा को मजबूत करने के लिए एंटी रोमियो स्क्वॉड, महिला हेल्पलाइन, फास्ट ट्रैक कोर्ट और पुलिस गश्त जैसी व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाया है।
महिलाओं का सम्मान भारतीय संस्कृति की पहचान
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिलाओं से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने युवाओं से समाज में मर्यादा और संस्कार बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि महिलाओं का सम्मान भारतीय संस्कृति की पहचान है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति सुरक्षित होगी तभी समाज मजबूत बनेगा।इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनपद को कई बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें देवरिया-कसया मार्ग और देवरिया-हाटा मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण जैसी अहम सड़क परियोजनाएं शामिल हैं। कार्यक्रम में कृषि मंत्री Surya Pratap Shahi, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।