बाराबंकी। बाराबंकी के देवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के सात हथियारबंद डकैतों ने एक किराना कारोबारी के घर में घुसकर फिल्मी अंदाज में करोड़ों की डकैती को अंजाम दे डाला। बदमाशों ने पूरे परिवार को तमंचों के बल पर बंधक बना लिया, बच्चों के मुंह पर टेप चिपका दी और करीब 1 करोड़ 2 लाख रुपये की नगदी व ज्वेलरी लूटकर फरार हो गए।
करीब 3:21 बजे डकैत पीछे का दरवाजा तोड़कर घर में दाखिल हुए
देवा-बाराबंकी मार्ग स्थित ग्वारी गांव निवासी कारोबारी आलोक जायसवाल के घर में ही थोक किराना की दुकान संचालित होती है। देर रात करीब 3:21 बजे डकैत पीछे का दरवाजा तोड़कर घर में दाखिल हुए। उस समय परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में थे।बदमाशों ने घर में घुसते ही परिवार को एक जगह बैठाकर जान से मारने की धमकी दी। महिलाओं और बच्चों तक को नहीं बख्शा गया। रो रहे मासूम बच्चों को पीटने और उनके मुंह पर टेप लगाने से घर में दहशत फैल गई। करीब एक घंटे तक डकैत अलमारियां, लॉकर और घर का कोना-कोना खंगालते रहे।
90 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात अपने साथ ले गए
पीड़ित परिवार के अनुसार बदमाश करीब 12 लाख रुपये नकद और लगभग 90 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात अपने साथ ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद डकैत सुबह करीब 4:22 बजे फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पुलिस अधीक्षक, फॉरेंसिक टीम और कई थानों की पुलिस पहुंची। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और डकैतों की तलाश में कई टीमें गठित कर दी गई हैं।अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।