लखनऊ । यूपी के बहराइच में फर्जी वीआईपी बनकर सड़क पर रौब झाड़ना एक युवक को भारी पड़ गया। देर रात रोडवेज बस स्टेशन के पास चल रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस और एआरटीओ की संयुक्त टीम ने हूटर बजाती हुई एक लग्जरी कार को रोक लिया। कार पर बड़े अक्षरों में “न्यायाधीश” लिखा था और उस पर हाईकोर्ट का लोगो भी लगा हुआ था, जिसे देखकर मौके पर मौजूद अधिकारी भी चौंक गए।
आम लोगों पर धौंस जमाने की कोशिश कर रहा था
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि कार चालक किसी भी प्रकार का न्यायिक अधिकारी नहीं था, बल्कि फर्जी तरीके से वीआईपी पहचान दिखाकर ट्रैफिक और आम लोगों पर धौंस जमाने की कोशिश कर रहा था। मामला सामने आते ही अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन को मौके पर ही सीज कर दिया।
संदिग्ध तरीके से हूटर बजाकर गुजर रही कार को रोका
यह कार्रवाई राज सिंह के नेतृत्व में की गई। उन्होंने बताया कि यातायात पुलिस और एआरटीओ प्रशासन द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदिग्ध तरीके से हूटर बजाकर गुजर रही कार को रोका गया। दस्तावेज और पहचान की जांच में पूरा मामला फर्जी निकला।प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद फर्जी वीआईपी बोर्ड, हूटर और सरकारी प्रतीकों का गलत इस्तेमाल करने वालों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।